Himachal: सीएम-डिप्टी सीएम ने लैफ्टिनैंट कर्नल भानु प्रताप और लांस दफादार दलजीत सिंह की शहादत पर जताया शोक

punjabkesari.in Thursday, Jul 31, 2025 - 05:54 PM (IST)

शिमला (संतोष): लद्दाख क्षेत्र की गलवान घाटी में पत्थर गिरने से हुई दुर्घटना में सेना के अधिकारियों के बलिदान पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने गहरा शोक व्यक्त किया है। इस दुर्घटना में जिला कांगड़ा के लैफ्टिनैंट कर्नल भानु प्रताप मनकोटिया और गुरदासपुर के लांस दफादार दलजीत सिंह की शहादत हुई है और सेना के तीन अन्य अधिकारी घायल हुए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लैफ्टिनैंट कर्नल भानु प्रताप सिंह मनकोटिया और लांस दफादार दलजीत सिंह को अपने कर्तव्यों के निर्वहन और देश के प्रति उनकी अमूल्य सेवा के लिए सदैव याद रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार दुख की इस घड़ी में लैफ्टिनैंट कर्नल भानु प्रताप मनकोटिया के परिवार के साथ है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिजनों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। 

उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि लैफ्टिनैंट कर्नल भानु प्रताप मनकोटिया और लांस दफादार दलजीत सिंह ने देश की सेवा में अपना जीवन बलिदान कर दिया। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति की प्रार्थना की।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News