Himachal: मंडी में बादल फटने की घटना पर CM सुक्खू ने जताया दुख, कहा–प्रभावितों के साथ खड़ी है सरकार
punjabkesari.in Tuesday, Jul 29, 2025 - 12:50 PM (IST)

मंडी (रजनीश): मंडी जिला में आई प्राकृतिक आपदा ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। जेल रोड क्षेत्र में अचानक बादल फटने से आई बाढ़ ने कई घरों को नुक्सान पहुंचाया और कुछ लोगों की जान भी चली गई। इस दुखद घटना पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्हाेंने बाढ़ की चपेट में आकर अपनी जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि इस कठिन समय में सरकार उनके साथ खड़ी है।
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि जिला प्रशासन को पूरी तरह से अलर्ट कर दिया गया है और राहत-बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी हैं। उन्होंने यह भी बताया कि वे स्वयं हालात की लगातार निगरानी कर रहे हैं और जरूरत के अनुसार हरसंभव सहायता तुरंत प्रभावित इलाकों में पहुंचाई जा रही है।
मुख्यमंत्री ने राहत कार्यों में सहयोग कर रहे स्थानीय लोगों, प्रशासनिक कर्मियों, आपदा प्रबंधन दल और स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में मानवीय संवेदनाओं के साथ एकजुट होकर काम करना ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे मौसम को लेकर प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और किसी भी तरह की अफवाहों से बचें। उन्होंने लोगों से सतर्क रहने की भी सलाह दी है। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि सरकार प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता प्रदान करेगी और पुनर्वास के लिए भी प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।