ब्यास में कूदी नर्स का शव बरामद
punjabkesari.in Sunday, Dec 20, 2015 - 07:12 PM (IST)

मंडी: जिला के औट पुलिस थाना के तहत झीड़ी में जोगणी माता मंदिर के निकट ब्यास में कूदने वाली महिला का शव पनारसा से बरामद कर लिया है। महिला की शिनाख्त आयशा शर्मा निवासी वशिष्ठ के रूप में हुई है। मृतका कुल्लू अस्पताल में नर्स के पद पर कार्यरत थी। महिला ने शनिवार को लगभग 4 बजे झीड़ी में जोगणी माता मंदिर के निकट ब्यास में छलांग लगा दी थी। एक लड़के ने पुलिस को इसकी सूचना दी थी।
पुलिस ने शनिवार देर सायं तक ब्यास में सर्च अभियान जारी रखा लेकिन महिला का कोई पता नहीं चल पाया। रविवार को पनारसा के निकट महिला का शव ब्यास में दिखाई दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाने के बाद इसे परिजनों को सौंप दिया है। बताया जा रहा है कि महिला का कुछ समय पहले ही विवाह हुआ है। महिला ने आखिर क्यों ब्यास में छलांग लगाकर आत्महत्या की, इसका अभी कोई पता नहीं चल पाया है। उधर, औट पुलिस थाना प्रभारी लोकेंद्र नेगी ने कहा कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।