सलमान की बहन अर्पिता की जेठानी बनीं गौतम गंभीर की चचेरी बहन राधिका, देखें शादी की तस्वीरें
punjabkesari.in Tuesday, Dec 08, 2015 - 01:40 PM (IST)

मंडी: हिमाचल प्रदेश के पूर्व केंद्रीय मंत्री पंडित सुखराम के पौत्र आश्रय शर्मा और क्रिकेटर गौतम गंभीर की चचेरी बहन राधिका गंभीर सोमवार को परिणय सूत्र में बंध गए। अब राधिका सलमान खान की बहन अर्पिता की जेठानी बन गई हैं। आपको बता दें कि 18 नवंबर को हिमाचल से संबंध रखने वाले पूर्व संचार मंत्री पं. सुखराम के बड़े पोते आयुष शर्मा के साथ सलमान खान की बहन अर्पिता की शादी हुई थी।
जानकारी के मुताबिक आश्रय-राधिका की शादी में हिमाचल के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह भी शरीक हुए और नवविवाहित जोड़ी को अपना आशीर्वाद दिया। उनके साथ ही कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू, पूर्व मंत्री ठाकुर गुलाब सिंह और युवा कांग्रेस अध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह ने भी शादी में शिरकत की। आश्रय-राधिका की शादी में बॉलीवुड के दबंग सलमान खान की लाडली बहन अर्पिता खान ने भी शिरकत की। इस हाईप्रोफाइल शादी में खान परिवार से अभिनेता सोहेल खान समेत कई नामी हस्तियों ने शिरकत की।
शादी में सभी रस्में अच्छी तरह से हुई। आश्रय शर्मा प्रदेश के पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास मंत्री अनिल शर्मा के बड़े बेटे हैं। रविवार शाम को संगीत कार्यक्रम में बॉलीवुड के नामी सिंगरों ने लोगों का मनोरंजन किया। करीब साढ़े 6 बजे आश्रय की सेहराबंदी हुई। घोड़ी पर सवार होकर आश्रय बारात लेकर वधू पक्ष की ओर से बुक करवाए गए होटल प्रायडैंट पहुंचे, जहां वधू पक्ष की ओर से बारात का स्वागत किया गया। देर शाम आश्रय-राधिका मंडप में 7 फेरे लेकर एक-दूजे के हो गए। वहीं दूसरी ओर पंडित परिवार की ओर से हिमाचल में पंचायती राज चुनाव संपन्न होने के बाद मंडी में रिसेप्शन का आयोजन करने की योजना है। हालांकि अभी तक इसकी तिथि तय नहीं हो पाई है।