एक महीना दिन में 3 घंटे बंद रहेगा मंडी-पंडोह हाईवे

punjabkesari.in Monday, Aug 21, 2023 - 09:59 PM (IST)

पंडोह (विशाल): चंडीगढ़-मनाली नैशनल हाईवे पर मंडी-पंडोह मार्ग एक महीने के लिए दिन में 3 घंटे बंद रखा जाएगा ताकि इसकी मुरम्मत हो सके। हालांकि अभी तक यह रास्ता पिछले 3 दिनों से ट्रैफिक के लिए वन-वे ही बहाल किया गया था लेकिन अब इसे डबललेन करने के लिए एक महीने तक दिन में 11 से लेकर 2 बजे तक बंद रखा जाएगा। बता दें कि 6 मील से लेकर 9 मील तक हाईवे बादल फटने और भूस्खलन के कारण बहुत ज्यादा क्षतिग्रस्त हो गया है। 6 मील से लेकर 9 मील तक एन.एच. की तुरंत मुरम्मत और बहाली की सख्त आवश्यकता को देखते हुए डी.सी. अरिंदम चौधरी ने आगामी आदेशों तक रोजाना इसे सुबह 11 बजे से लेकर दोपहर 2 बजे तक बंद रखने के आदेश जारी किए हैं। ए.एस.पी. मंडी सागर चंद्र ने बताया कि इस समय सभी वाहन चालक वैकल्पिक मार्ग पंडोह-गोहर और मंडी-कटौला-बजौरा का प्रयोग करें।

बता दें कि पहले तो 6 मील में बार भूस्खलन होने के कारण रास्ता बंद रहता था लेकिन 14 अगस्त को आई भारी बरसात और बाढ़ के कारण पंडोह से 7 मील तक तो फोरलेन जगह-जगह तबाह हो गया है। रास्ते को वन वे ट्रैफिक बहाल करके फंसी हुई गाडिय़ों को निकाला जा चुका है और अब इस मार्ग के बीच हुए कार्य को करना आवश्यक है जिसके चलते प्रशासन ने मंडी-पंडोह हाईवे को दिन के समय 3 घंटे बंद रखने का निर्णय लिया है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News