हिमाचल के मशहूर संगीतकार की बेटी शिवांगी मुंबई में बिखेर रही अपनी आवाज का जादू

punjabkesari.in Thursday, Mar 17, 2016 - 09:49 AM (IST)

मंडी: मंडी की बेटी मायानगरी मुंबई में संगीत का जादू बिखेर रही है। मशहूर संगीतकार एस.डी. कश्यप की बेटी शिवांगी अपने पिता के नक्श-ए-कदम पर चलते हुए मुंबई में फिल्मों और टी.वी. सीरियल में संगीत ही नहीं बल्कि अपनी आवाज का जादू भी बिखेर रही है। इन दिनों एंड टी.वी. पर चल रहे सीरियल मेरी आवाज ही पहचान है का संगीत शिवांगी दे रही है, वहीं सावधान इंडिया और हिप्प-हिप्प हुर्रे जैसे सीरियलों में भी शिवांगी ने बतौर संगीत निर्देशक काम किया है। 


शिवांगी ने 2015 में केतन मैहता की फिल्म ''तेरे मेरे फेरे'' का न केवल संगीत दिया बल्कि उसमें गाने भी गाए थे। इसके अलावा अमित साहनी की फिल्म लिस्ट, लव यू मिस्टर फिल्मों में भी शिवांगी ने संगीत दिया है। इसके अलावा ''प्यार तूने क्यों किया'' सीरियल के लिए भी शिवांगी गाने गा रही है। इसका टायटल सांग परिंदे का पैगाम शिवांगी ने अपनी आवाज में गाया है। उनकी माता रविकांता कश्यप स्वयं एक जानी-मानी गायिका हैं। घर में ही संगीत का माहौल होने की वजह से संगीत की शिक्षा शिवांगी को घर में ही मिली। वह अपने पिता के स्टूडियो में रिकॉर्डिंग से लेकर संगीत निर्देशन और गायन के गुर सीखने के बाद मुंबई माया नगरी चली गई। उनके पिता का सपना है कि वह मुंबई में बतौर संगीतकार अपना मुकाम हासिल करे। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News