Shimla: हिमाचल के शिक्षकों को कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय से मिलेगा उच्चस्तरीय प्रशिक्षण, CM सुक्खू की अध्यक्षता में लंदन जा रही टीम
punjabkesari.in Sunday, Apr 20, 2025 - 11:30 PM (IST)

शिमला (प्रीति): प्रदेश के मुख्यमंत्री, शिक्षा मंत्री और शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी अगले महीने यानि मई में कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय लंदन के दौरे पर जाएंगे। इस दौरान इनके साथ कुछेक विधायक भी लंदन जा रहे हैं। हाल ही में हिमाचल के शिक्षकों को कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय से विशेष प्रशिक्षण करवाने को लेकर एमओयू साइन किया गया है। प्रदेश सरकार ने कॉन्वीजीनियस के साथ सांझेदारी की है, जिसमें कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय एक सांझेदार के रूप में शामिल है। इस दौरान कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर और शिक्षा विभाग के प्रमुख अधिकारियों को कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय लंदन का दौरा करने के लिए आमंत्रित किया था। मुख्यमंत्री ने इस निमंत्रण को स्वीकार किया था और अब मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में एक टीम लंदन जा रही है। इस परियोजना के तहत प्रदेश के सभी 12 जिलों के 33300 शिक्षकों को आधुनिक मूल्यांकन तकनीकों और शिक्षण कौशल पर प्रशिक्षित किया जाएगा।
4 प्रमुख मॉड्यूल के माध्यम से प्रशिक्षित किए जाएंगे शिक्षक
बताया जा रहा है कि कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय के विशेषज्ञों द्वारा शिक्षकों को 4 प्रमुख मॉड्यूल के माध्यम से प्रशिक्षित किया जाएगा। इसमें मूल्यांकन के उद्देश्य और सीखने की खामियों की पहचान, मूल्यांकन के प्रकार, आइटम डिजाइन और प्रश्नों के प्रकार व समावेशी और निष्पक्ष मूल्यांकन प्रथाएं शामिल किए जाएंगे। इस सांझेदारी का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों की क्षमता को बढ़ाना और छात्रों के सीखने के परिणामों में सुधार लाना है। इस प्रशिक्षण के तहत शिक्षकों को ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों में प्रशिक्षित किया जाएगा। कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय इस प्रशिक्षण के लिए टैक्नीकल पार्टनर कॉन्वीजीनियस को शैक्षणिक सहयोग प्रदान करेगा।
प्रशिक्षण के परिणामों की होगी नियमित निगरानी
इस दौरान विद्या समीक्षा केंद्र प्रशिक्षण के परिणामों की नियमित निगरानी करेगा और शिक्षकों को प्रोफैशनल डिवैल्पमैंट के तहत स्विफ्टचैट प्लेटफार्म पर एक विशेष एप्लीकेशन के माध्यम से यह प्रशिक्षण पाठ्यक्रम उपलब्ध करवाए जाएंगे। प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने और शिक्षा विभाग द्वारा निर्धारित मूल्यांकन मानदंडों को पूरा करने पर शिक्षकों को कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय द्वारा प्रमाण पत्र भी प्रदान किया जाएगा।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here
हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here