Sirmaur: नेशनल हाईवे पर दर्दनाक सड़क हादसा, पिता की मौत...बेटा गंभीर घायल, अस्पताल जा रहे थे दोनों
punjabkesari.in Saturday, Aug 01, 2026 - 03:57 PM (IST)
Sirmaur Road Accident : हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जहां पर एक बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में बाइक सवार पिता की मौत हो गई, जबकि बेटा घायल है।
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के मुताबिक, हादसा जिले के कालाअंब-पांवटा साहिब नेशनल हाईवे 07 पर शंभूवाला में हुआ। मृतक की पहचान सामिया राम (68), पुत्र ढोंटू राम, निवासी डोहर, डाकघर क्यारी गुंडाह, तहसील शिलाई (सिरमौर) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सामिया राम अपने बेटे जगपाल के साथ बाइक पर सवार होकर नाहन मेडिकल कॉलेज में अपना उपचार कराने के लिए आ रहे थे। इसी दौरान शंभूवाला के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे के बाद वहां हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों ने तुरंत प्रशासन को सूचित किया।
जांच में जुटी पुलिस
इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन यहां पर डॉक्टरों ने सामिया राम को मृत घोषित कर दिया। वहीं, मृतक के बेटे जगपाल का इलाज अभी जारी है। हादसे के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। जिला सिरमौर के पुलिस अधीक्षक निश्चित सिंह नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे के कारणों की गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

