Chamba: आधी रात काे बिना बताए घर से निकला 21 वर्षीय युवक, सुबह पेड़ पर फंदे से लटकी मिली लाश

punjabkesari.in Sunday, Feb 15, 2026 - 05:59 PM (IST)

तुनुहट्‌टी (संजय): भटियात क्षेत्र की ग्राम पंचायत तुनुहट्टी के गांव घाड़ के एक युवक ने पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक युवक की पहचान मनीष कुमार (21) पुत्र पवन कुमार के रूप में की गई है। जानकारी के अनुसार मनीष धर्मशाला में कुछ दिनों से एक दुकान पर कार्य कर रहा थी और कुछ दिन पहले ही अपने सगे संबंधी की मौत होने पर अपने घर आया हुआ था। 

शनिवार रात को राेजमर्रा की तरह मनीष घर पर खाना खाने के बाद सो गया था, लेकिन देर रात अचानक वह कमरे से बाहर निकल गया। परिजनों ने सोचा कि मनीष घर के नीचे बने एक और कमरे में चला गया होगा। सुबह जब गांव का एक युवक पास लगते जंगल में घास लेने के लिए जा रहा था ताे उसने मनीष को एक चीड़ के पेड़ पर फंदे से लटका हुआ पाया। युवक ने इस घटना की सूचना आसपास के लोगों व मनीष के परिजनाें को दी। इसके बाद पंचायत प्रतिनिधियों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची तथा जांच पड़ताल के बाद शव को फंदे से नीचे उतारा। मृतक के पास कोई भी चीज ऐसी नहीं पाई गई, जिससे यह पता चल पाए कि आत्महत्या का क्या कारण था। 

वहीं युवक की माैत पर परिजनों ने किसी तरह की कोई आशंका नहीं जताई है। इसके बाद पुलिस ने धारा 194 के तहत मामला दर्ज कर नागरिक अस्पताल चुवाड़ी में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। बता दें कि मनीष की माता कुछ साल पहले उसके भाई और बहन को लेकर अपने मायके के क्षेत्र में रह रही है और मनीष कुछ सालों से अपने पिता और अपने ताया के साथ रह रहा था। मामले की पुष्टि एसपी चम्बा विजय कुमार सकलानी ने की है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News