चंबा में दर्दनाक हादसा, भेड़-बकरियां चराने गए 36 वर्षीय युवक की खाई में गिरने से मौत, परिवार में पसरा मातम
punjabkesari.in Tuesday, Aug 04, 2026 - 05:25 PM (IST)
Chamba News : हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां पर भेड़-बकरियां चराने गए एक 36 वर्षीय व्यक्ति की खाई में गिरने से मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, हादसा जिले के डांड जीरो पॉइंट के पास हुआ। मृतक की पहचान वीरेंद्र कुमार (36), पुत्र अमर सिंह, निवासी गांव डांड, डाकघर डुगली, तहसील चुराह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वीरेंद्र सोमवार को अपने मवेशियों को चराने के लिए डांड जीरो पॉइंट की ओर निकला था, जहां पैर फिसलने के कारण वह गहरी खाई में जा गिरा। इस हादसे में युवक की मौत हो गई।
चंबा के पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सोमवार को चोली के पूर्व उपप्रधान ने इस हादसे की सूचना दी थी। इधर, हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है और मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

