Chamba: डल्हौजी के जंगलों में पहली बार कैमरे में कैद हुआ दुर्लभ वन्य प्राणी

punjabkesari.in Tuesday, Aug 04, 2026 - 07:12 PM (IST)

चम्बा (काकू): चम्बा जिले के डल्हौजी कैचमैंट क्षेत्र से वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में एक बड़ी और उत्साहजनक खबर सामने आई है। यहां पहली बार दुर्लभ हिमालयी सेरो कैमरा ट्रैप में कैद हुआ है। वन विभाग के अनुसार यह डल्हौजी कैचमैंट क्षेत्र में हिमालयी सेरो की उपस्थिति का पहला प्रलेखित वीडियो साक्ष्य है, जिसे क्षेत्र की समृद्ध जैव विविधता और स्वस्थ वन पारिस्थितिकी तंत्र का महत्वपूर्ण प्रमाण माना जा रहा है।

हिमालयी सेरो एक अत्यंत शर्मीला और दुर्लभ खुरदार वन्यजीव है, जो घने जंगलों और दुर्गम पहाड़ी इलाकों में निवास करता है। इसकी मौजूदगी इस बात का संकेत मानी जाती है कि संबंधित क्षेत्र का प्राकृतिक आवास अभी भी सुरक्षित और संतुलित है। डल्हौजी वन मंडल के प्रभागीय वन अधिकारी (डीएफओ) डा. कुलदीप सिंह जम्वाल ने बताया कि कैमरा ट्रैप में हिमालयी सेरो का रिकॉर्ड होना वन विभाग के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

उन्होंने कहा कि यह रिकॉर्ड न केवल क्षेत्र की वन्यजीव विविधता को नई पहचान देगा, बल्कि पश्चिमी हिमालय में इस प्रजाति के वितरण और संरक्षण से जुड़ी वैज्ञानिक जानकारी को भी सुदृढ़ करेगा। उन्होंने कहा कि ऐसे वैज्ञानिक दस्तावेज वन्यजीव संरक्षण योजनाओं को अधिक प्रभावी बनाने में मदद करेंगे। वन विभाग भविष्य में भी कैमरा ट्रैप आधारित निगरानी को मजबूत करेगा और वन्यजीवों के प्राकृतिक आवासों की सुरक्षा के लिए निरंतर प्रयास जारी रखेगा।

वन्यजीव विशेषज्ञों का मानना है कि हिमालयी सेरो की मौजूदगी स्वस्थ वन पारिस्थितिकी तंत्र का महत्वपूर्ण संकेतक है। कैमरा ट्रैप में कैद यह दुर्लभ वीडियो भविष्य में अनुसंधान, निगरानी और संरक्षण रणनीतियों के लिए एक महत्वपूर्ण दस्तावेज साबित होगा। वन विभाग ने आम लोगों से भी अपील की है कि वे वन्यजीवों और उनके प्राकृतिक आवासों के संरक्षण में सहयोग करें।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News