Chamba News: सवारियों से भरी सूमो के फेल हुए ब्रेक, ड्राइवर की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

punjabkesari.in Tuesday, Aug 04, 2026 - 04:05 PM (IST)

तीसा (सुभानदीन): हिमाचल प्रदेश के चम्बा जिले के चुराह उपमंडल में एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। तीसा-जुनास मार्ग पर एक टैक्सी सूमो की अचानक ब्रेक फेल हो गई। ढलान पर बेकाबू हुए वाहन को चालक ने अपनी सूझबूझ से सड़क किनारे एक बड़े पत्थर से टकरा दिया, जिससे वाहन गहरी खाई में गिरने से बच गया। इस हादसे में चालक सहित कुल 6 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

जानकारी के अनुसार सोमवार देर शाम एक टैक्सी सूमो सवारियों को लेकर तीसा से जुनास की ओर जा रही थी। जब वाहन चांजली के समीप एक तीखी ढलान पर पहुंचा तो अचानक उसकी ब्रेक ने काम करना बंद कर दिया। ब्रेक फेल होने से वाहन पर से चालक का नियंत्रण पूरी तरह छूट गया। उसने गाड़ी को कंट्रोल करने की हरसंभव कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। ऐसे में चालक ने घबराहट में अपना आपा खोने की बजाय स्थिति की गंभीरता को भांपा और वाहन को सड़क किनारे मौजूद एक बड़े पत्थर की ओर मोड़ दिया। जोरदार टक्कर के बाद गाड़ी वहीं रुक गई, जिससे एक संभावित और जानलेवा हादसा टल गया।

PunjabKesari

इस दुर्घटना में वाहन चालक सहित कुल 6 लोग घायल हुए हैं। घायलों की पहचान चालक जयदयाल पुत्र भगत राम निवासी गांव गगेई, डाकघर बोंदेड़ी, मान सिंह पुत्र भागीरथ निवासी घरी, दीपिका पत्नी ठाकुर लाल निवासी बोंदेड़ी, ममता पत्नी गोबिंद सिंह निवासी सलांचा, भंजराड़ू, आर्यन पुत्र गोबिंद सिंह निवासी सलांचा और सुंदरू पत्नी बलदेव निवासी बोंदेड़ी के रूप में हुई है। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

गंभीर रूप से घायल व्यक्ति टांडा मेडिकल कॉलेज रैफर
स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत नागरिक अस्पताल तीसा पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार देने के बाद घायलों की स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए पंडित जवाहर लाल नेहरू राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (चम्बा) रैफर कर दिया। इनमें से घायल मान सिंह के चेहरे पर गहरी और गंभीर चोटें आई हैं, जिसे देखते हुए चम्बा से उन्हें आगे डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय मेडिकल कॉलेज (टांडा) के लिए रैफर किया गया है।

पुलिस ने दर्ज किया मामला, तकनीकी खराबी की जांच शुरू
चुराह के एसडीएम राजेश जरयाल ने इस दुर्घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि हादसे में 6 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें प्रशासन और स्थानीय लोगों के सहयोग से तत्काल अस्पताल पहुंचा दिया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के असल कारणों व वाहन में आई तकनीकी खराबी की गहन जांच शुरू कर दी गई है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News