Chamba News: बिना बारिश के धंसा निर्माणाधीन स्टेट हाईवे का हिस्सा, खोला के पास चनहाल खड्ड में समाई सड़क

punjabkesari.in Wednesday, Aug 05, 2026 - 10:32 PM (IST)

सिहुंता/चम्बा (सुभाष): शाहपुर-सिहुंता-लाहड़ू निर्माणाधीन स्टेट हाईवे पर खोला के समीप बिना बारिश के ही सड़क का एक बड़ा हिस्सा अचानक धंस कर चनहाल खड्ड में समा गया। इस घटना के कारण मार्ग पर कुछ घंटों के लिए बड़े वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। अचानक हुए इस भूस्खलन ने निर्माणाधीन सड़क की गुणवत्ता और तकनीकी पहलुओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

वैकल्पिक मार्ग से भेजे गए वाहन, पीडब्ल्यूडी ने बहाल किया रास्ता
सड़क धंसने के तुरंत बाद सुरक्षा की दृष्टि से इस मार्ग पर बड़े वाहनों को रोक दिया गया। इस दौरान बसों व अन्य वाहनों को वैकल्पिक मार्ग गरनोटा-मोतला से होकर अपने गंतव्य तक जाना पड़ा। हालांकि, घटना की सूचना मिलते ही लोक निर्माण विभाग  ने तत्परता दिखाई और तुरंत मौके पर मशीनें लगाकर सड़क को अस्थायी रूप से बहाल कर दिया, जिसके बाद यातायात फिर से सुचारू हो सका।

नए डंगे के खिसकने से ढहा पुराना डंगा और सड़क
इस हादसे ने सड़क चौड़ीकरण कार्य की गुणवत्ता की पोल खोल दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह स्थान पहले से ही अति संवेदनशील था। सड़क के साथ जो पुराना डंगा (रिटेनिंग वॉल) बुधवार को ध्वस्त हुआ है, उसका निर्माण विभाग द्वारा कुछ वर्ष पहले करवाया गया था। वर्तमान में सड़क चौड़ीकरण के दौरान इसके नीचे एक नया डंगा बनाया गया था, जो कुछ ही समय में खड्ड की ओर खिसक गया। इसी नए डंगे के खिसकने के कारण ऊपर स्थित पुराना डंगा भी सड़क के हिस्से के साथ ढह गया। लोगों का कहना है कि बिना भारी बारिश के इस तरह सड़क का धंसना गहरी चिंता का विषय है।

भारी बारिश हुई तो गहरा सकता है संकट
स्थानीय लोगों ने भविष्य में यहां बड़े खतरे की आशंका जताई है। उनका तर्क है कि खोला की ओर से आने वाला सारा बरसाती पानी इसी स्थान से होकर चनहाल खड्ड में गिरता है, जबकि खड्ड भी सड़क के आधार के बिल्कुल समीप बह रही है। यदि आगामी दिनों में क्षेत्र में भारी बारिश होती है और समय रहते पुख्ता सुरक्षा उपाय नहीं किए गए, तो सड़क का शेष हिस्सा भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो सकता है। लोगों ने विभाग से मांग की है कि इस स्थान का तकनीकी निरीक्षण कर स्थायी सुरक्षा दीवार का निर्माण किया जाए।

स्थिति पर रखी जा रही है निगरानी : एसडीओ
इस मामले को लेकर लोक निर्माण विभाग सिहुंता के एसडीओ करनैल सिंह ने बताया कि खोला के समीप सड़क का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिली थी। विभाग ने तुरंत मौके पर मशीनें लगाकर मलबा हटाया और आवश्यक मुरम्मत के बाद यातायात को बहाल कर दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रभावित स्थल पर विभाग की लगातार निगरानी जारी है और आवश्यकतानुसार आगे भी सुरक्षा संबंधी पुख्ता कार्य किए जाएंगे।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News