Mandi: नशा तस्करी का भंडाफोड़, हरियाणा रोडवेज की बस में सवार युवक चरस के साथ गिरफ्तार

punjabkesari.in Friday, Apr 24, 2026 - 05:45 PM (IST)

सुंदरनगर (सोढी): नगर परिषद चुनाव के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बीएसएल कॉलोनी पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस की टीम ने शुकदेव वाटिका के पास नाकेबंदी के दौरान हरियाणा रोडवेज की एक बस में सवार युवक से 245 ग्राम चरस बरामद की है।

मिली जानकारी के अनुसार पुलिस थाना बीएसएल कॉलोनी का दल नगर परिषद चुनावों के चलते सुरक्षा की दृष्टि से वीरवार रात शुकदेव वाटिका के पास नाका लगाकर वाहनों की जांच कर रहा था। इसी दौरान पुलिस ने कुल्लू की ओर से आ रही हरियाणा रोडवेज की बस को चैकिंग के लिए रोका। बस में सवार यात्रियों की तलाशी ली जा रही थी, इसी दौरान पुलिस ने एक युवक को संदिग्ध पाया। तलाशी लेने पर युवक के कब्जे से 245 ग्राम चरस बरामद हुई।

पकड़े गए आरोपी की पहचान कोमल चंद (22) निवासी मंडी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर लिया और उसके खिलाफ आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। मामले की पुष्टि करते हुए एसपी विनोद कुमार ने बताया कि नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान पूरे जिले में पूरी सक्रियता के साथ चलाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस मामले में पुलिस जीरो टॉलरैंस की नीति अपना रही है और भविष्य में भी नशा तस्करों के खिलाफ इसी तरह सख्ती जारी रहेगी।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News