Mandi News: अंतर्राज्यीय नशा तस्करी का पर्दाफाश, सुंदरनगर में चरस के साथ शिमला और करनाल के 2 युवक गिरफ्तार
punjabkesari.in Saturday, Jun 20, 2026 - 04:24 PM (IST)
सुंदरनगर (सोढी): हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार रंग ला रहा है। ताजा मामले में सुंदरनगर की बीएसएल कालोनी पुलिस ने एक अंतर्राज्यीय नशा तस्करी के रैकेट का पर्दाफाश करते हुए 2 युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 408 ग्राम चरस बरामद कर इन्हें मौके पर ही दबोच लिया। हैरान करने वाली बात यह है कि इस तस्करी में हिमाचल के शिमला और हरियाणा के करनाल के तार आपस में जुड़े हुए मिले हैं।
जानकारी के अनुसार बीएसएल कालोनी पुलिस की टीम इलाके में नशे के खिलाफ एक विशेष अभियान पर थी। इसी दौरान पुलिस को दो युवकों की गतिविधियां बेहद संदिग्ध लगीं। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए जब उन्हें रोककर उनकी तलाशी ली, तो उनके पास से 408 ग्राम चरस बरामद हुई। इतनी बड़ी मात्रा में चरस मिलते ही पुलिस ने तुरंत दोनों को हिरासत में ले लिया। नशे की इस खेप के साथ पकड़े गए आरोपियों की शिनाख्त पुलिस ने कर ली है। इनमें एक आरोपी स्थानीय और दूसरा बाहरी राज्य का है। आरोपियों की पहचान मनोज शर्मा पुत्र गोपाल दास निवासी गांव व डाकघर मंडोलघाट, तहसील सुन्नी व जिला शिमला और आकाश पुत्र देवेंद्र कुमार निवासी मकान नंबर-31, रघुनाथ नगर (लब्राही मंडी), जिला करनाल (हरियाणा) के रूप में की गई है।
बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगाल रही पुलिस
इस मामले पर जानकारी देते हुए एसपी विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस अब इस पूरे नैटवर्क की गहराई से जांच कर रही है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है कि वे इतनी मात्रा में चरस कहां से खरीद कर लाए थे और इसे आगे किस शहर या व्यक्ति को सप्लाई किया जाना था। पुलिस इस नशा तस्करी से जुड़े पूरे नैटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए संभावित ठिकानों पर नजर बनाए हुए है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

