Mandi News: पुलिस ने 2 मामलों में पकड़ा 15.54 ग्राम चिट्टा, UP-उत्तराखंड के तस्करों समेत 4 गिरफ्तार

punjabkesari.in Thursday, Jun 18, 2026 - 04:06 PM (IST)

सुंदरनगर (सोढी): हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सुंदरनगर पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। सुंदरनगर क्षेत्र में पुलिस ने 2 अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए 4 युवकों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों के कब्जे से कुल 15.540 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया है। पकड़े गए आरोपी हिमाचल के साथ-साथ उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड से ताल्लुक रखते हैं।

रोपड़ी में नाकाबंदी के दौरान टैक्सी से मिला चिट्टा
पहली कार्रवाई पुलिस थाना सुंदरनगर के अंतर्गत आने वाले रोपड़ी क्षेत्र में हुई। पुलिस ने यहां रूटीन नाकाबंदी की हुई थी। इसी दौरान एक टैक्सी को चैकिंग के लिए रोका गया। तलाशी लेने पर टैक्सी में सवार 2 युवकों के कब्जे से 9.620 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने तुरंत दोनों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान सचिन पुत्र वीरेंद्र सिंह, निवासी खदरी श्यामपुर, देहरादून (उत्तराखंड) और शशांक पुत्र अश्वनी कुमार निवासी टारना रोड, मंडी के रूप में हुई है।

ज्वाला-सुसन मार्ग पर चिट्टे के साथ धरे कार सवार
दूसरी बड़ी कार्रवाई पुलिस थाना बीएसएल कालोनी की टीम ने की। पुलिस टीम ज्वाला-सुसन मार्ग पर गश्त व चैकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध कार को रोका गया। जब कार की तलाशी ली गई, तो उसमें सवार दो युवकों से 5.920 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। इस मामले में पुलिस ने सुनील रावत उर्फ चेरी निवासी जरगवां, तहसील हैदरगढ़, जिला बाराबंकी (यूपी) और अंकुश चौधरी निवासी न्यू बीबीएमबी कॉलोनी सुंदरनगर को गिरफ्तार किया है।

बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगाल रही पुलिस
एसपी विनोद कुमार ने दोनों मामलों की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अब पुलिस इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि आरोपी चिट्टा कहां से खरीद कर लाए थे और सुंदरनगर क्षेत्र में इसकी सप्लाई किन लोगों को की जानी थी। आरोपियों से पूछताछ कर नशे के इस पूरे नैटवर्क को तोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News