Bilaspur: घर लौट रहे युवक का रास्ता रोका...फिर दराट से किया हमला, 2 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

punjabkesari.in Wednesday, May 13, 2026 - 06:11 PM (IST)

शाहतलाई: पुलिस थाना तलाई के अंतर्गत एक युवक का रास्ता रोककर उसके साथ मारपीट करने और दराट से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार राकेश कुमार पुत्र खुशी राम निवासी गांव बकैण, डाकघर कलोल, तहसील झंडूता व जिला बिलासपुर ने थाना तलाई में शिकायत दर्ज करवाई है। पीड़ित राकेश ने बताया कि 12 मई की रात करीब 9:30 बजे वह अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में राजेश कुमार उर्फ मेशू पुत्र रूप सिंह और टि्वंकल पुत्र जगत राम निवासी गांव कलोल व भराड़ी, डाकघर कलोल ने अचानक उसका रास्ता रोक लिया।

शिकायतकर्ता राकेश के अनुसार दोनों आरोपियों ने बिना किसी कारण के उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी बीच उन्होंने दराट से उस पर हमला कर दिया। पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौच किया और उसे जान से मारने की कोशिश भी की।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है। उधर, एसपी बिलासपुर संदीप धवल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News