Bilaspur: बलोह फोरलेन पर चिट्टे की खेप के साथ मंडी का युवक गिरफ्तार
punjabkesari.in Monday, Sep 21, 2026 - 05:35 PM (IST)
घुमारवीं (जम्वाल): बिलासपुर पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस की स्पैशल डिटैक्शन टीम ने बलोह फोरलेन के पास नाकाबंदी के दौरान एक एचआरटीसी बस की चैकिंग में 10.40 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। जानकारी के अनुसार पुलिस की स्पैशल डिटैक्शन टीम बलोह फोरलेन पर गश्त व चैकिंग पर थी। इसी दौरान मंडी की तरफ से आ रही एचआरटीसी बस को चैकिंग के लिए रोका गया। बस में सवार एक युवक पुलिस को देखकर घबरा गया।
शक के आधार पर जब उसकी तलाशी ली गई तो उसके कब्जे से चिट्टा बरामद हुआ। आरोपी की पहचान बालकृष्ण (28) पुत्र शांतनु निवासी गांव सैणी मोहरी, डाकघर अलाथू तहसील बल्ह जिला मंडी के रूप में हुई है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया। इस संबंध में थाना घुमारवीं में मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान ने कहा कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। मामले की आगामी जांच जारी है तथा बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज पर काम किया जा रहा है, ताकि चिट्टा सप्लाई के स्रोत एवं आगे के नैटवर्क का पता लगाया जा सके और नशा तस्करी की चेन को तोड़ा जा सके।

