भानुपल्ली में 2 कारों के बीच भीषण टक्कर, 4 छात्रों सहित 7 लोग घायल; 5 PGI रैफर

punjabkesari.in Friday, Sep 18, 2026 - 10:22 PM (IST)

बिलासपुर (बंशीधर): पंजाब के भानुपल्ली के समीप नंगल-आनंदपुर साहिब नैशनल हाईवे पर शुक्रवार को एक सड़क हादसा पेश आया। यहां दो कारों के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयंकर थी कि दोनों गाड़ियों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। इस दुर्घटना में कुल 7 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनमें हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के 4 स्कूली बच्चे भी शामिल हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बिलासपुर जिले के स्वारघाट क्षेत्र के तहत आने वाले राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नांगे ठाकुर के 4 विद्यार्थी एक साइंस प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए बैहल स्कूल जा रहे थे। बच्चों को स्कूल में कार्यरत एक अध्यापिका की निजी कार में ले जाया जा रहा था। कार को अध्यापिका के पति चला रहे थे। बताया जा रहा है कि कार में अध्यापिका का करीब डेढ़ से 2 वर्ष का छोटा बच्चा भी उनके साथ मौजूद था। इसी दौरान भानुपल्ली के पास सामने से आ रही एक अन्य कार के साथ उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई।

हादसे के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों, पंजाब पुलिस और एसएसएफ (सड़क सुरक्षा फोर्स) की टीम ने तुरंत मोर्चा संभाला और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। क्षतिग्रस्त कारों से निकालकर सभी 7 घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए रक्षा अस्पताल भानुपल्ली पहुंचाया गया। घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए, प्राथमिक उपचार के बाद 5 लोगों को पीजीआई चंडीगढ़ रैफर कर दिया गया है। वहीं, एक घायल को नंगल और एक अन्य घायल को आनंदपुर साहिब के अस्पताल में रैफर किया गया है।

इस दुर्घटना के कारण नंगल-आनंदपुर साहिब हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और कुछ समय के लिए यातायात पूरी तरह से बाधित रहा। पुलिस और एसएसएफ टीम ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाया और यातायात को सुचारू करवाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के असल कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है।

प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News