Bilaspur: नाकाबंदी के दौरान चिट्टे की खेप के साथ कांगड़ा का युवक गिरफ्तार
punjabkesari.in Sunday, Sep 20, 2026 - 04:10 PM (IST)
बिलासपुर (बंशीधर): नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बिलासपुर पुलिस की स्पैशल डिटैक्शन टीम ने कैंचीमोड़ में नाकाबंदी के दौरान करीब 60 ग्राम चिट्टे के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान ओम प्रकाश निवासी वार्ड नंबर 2 अन्द्रार, डाकघर टंगखाना व तहसील धर्मशाला जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। पुलिस स्पैशल डिटैक्शन टीम की टीम गत दिवस कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर कैंचीमोड़ में नाकाबंदी कर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक बस को जांच के लिए रोका गया। निरीक्षण के दौरान जब पुलिस ने शक के आधार पर आरोपी की तलाशी ली तो उसके कब्जे से करीब 60 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध थाना स्वारघाट में मामला दर्ज कर लिया है।
बिलासपुर में बेचने की फिराक में था आरोपी
एसपी बिलासपुर अभिषेक धीमान ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी चिट्टे की खेप को बिलासपुर क्षेत्र में बेचने की फिराक में था। पुलिस अब आरोपी से नशे की खेप के स्रोत और इसे बिलासपुर तक पहुंचाने वाले नैटवर्क के संबंध में पूछताछ क रही है। पुलिस मामले में बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगाल रही है। जांच का उद्देश्य नशे की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करना और पूरे नैटवर्क तक पहुंचना है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी को चिट्टा कहां से मिला और इसे आगे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।

