हिमाचल के 7 जिलों में 24 जनवरी को भारी बारिश व बर्फबारी का यैलो अलर्ट जारी

punjabkesari.in Sunday, Jan 22, 2023 - 08:59 PM (IST)

शिमला (राजेश): हिमाचल प्रदेश में मौसम फिर करवट बदलने वाला है। मौसम विभाग ने प्रदेश में भारी बारिश व बर्फबारी का पूर्वानुमान जताया है। 23 जनवरी को प्रदेश के 7 जिलों में बारिश व ओलावृष्टि को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 24 जनवरी को प्रदेश में भारी-बारिश व बर्फबारी का यैलो अलर्ट जारी किया गया है। ये अलर्ट शिमला, मंडी, चम्बा, कांगड़ा, कुल्लू, किन्नौर और लाहौल-स्पीति जिलों के लिए जारी किया गया है। भारी बारिश व बर्फबारी को देखते हुए स्थानीय लोगों व पर्यटकों के लिए एडवाइजरी भी जारी की गई है। ट्रैकिंग पर जाने वाले पर्यटकों को ट्रैकिंग न करने की सलाह दी गई है। 

200 के करीब सड़कें अभी बंद 
वहीं बीते दिनो हुई बारिश व बर्फबारी के बाद हालात अभी तक सामान्य नहीं हुए हैं। प्रदेश में 200 के करीब अभी सड़कें बंद हैं। ऐसे में प्रदेश के कई क्षेत्रों के लिए संपर्क कटा हुआ है। इसके अलावा कई क्षेत्रों में बिजली भी अभी तक बहाल नहीं हो पाई है। वहीं प्रदेश के 4 जिलों में खतरे की संभावना जताई गई है। स्नो एंड एवलांच स्टडी एस्टैब्लिशमैंट मनाली ने चेतावनी जारी करते हुए कुल्लू, लाहौल-स्पीति, चंबा के पांगी और किन्नौर जिले में ग्लेशियर व हिमखंड गिरने की आशंका जताई है। ऐसे में सैलानियों और आम लोगों को सतर्क  रहने की सलाह दी है।

किन्नौर-चम्बा में भी हिमखंड गिरने की संभावना
किन्नौर जिले के कल्पा और पूह की पहाड़ियों से हिमखंड गिरने की चेतावनी जारी की गई है, जबकि चम्बा के किलाड़ क्षेत्र में भी कई जगह हिमखंड गिरने की संभावना बनी हुई है। डिफैंस जियो इंफोर्मैटिक्स रिसर्च एस्टैब्लिशमैंट की ओर से भी ग्लेशियर और हिमखंडों के गिरने की चेतावनी जारी की गई है। साथ ही आपदा प्रबंधन के माध्यम से लोगों को ऐसे क्षेत्रों की ओर न जाने की सलाह दी गई है जहां हिमखंडों के गिरने का खतरा बना हो।

हिमस्खलन वाले क्षेत्र की ओर न जाएं पर्यटक
जिला प्रशासन कुल्लू और लाहौल-स्पीति ने भी पर्यटकों के साथ-साथ लोगों से आग्रह किया है कि वे हिमस्खलन वाले क्षेत्र की ओर न जाएं। मौसम साफ  होने के बाद हिमखंड और ग्लेशियर गिरने का खतरा ज्यादा होता है। वहीं शिमला जिला प्रशासन ने भी आगामी दिनों में शिमला में बर्फबारी के लेकर पर्यटकों से ऊपरी क्षेत्रों में बर्फबारी के दौरान न जाने की सलाह दी है।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News