Kullu: भारी बारिश से NH-305 पर भूस्खलन, सड़क बहाली का काम युद्धस्तर पर जारी

punjabkesari.in Wednesday, Sep 02, 2026 - 05:45 PM (IST)

कुल्लू (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश में मूसलाधार बारिश का कहर लगातार जारी है। कुल्लू जिले के आनी उपमंडल में बीते दिन हुई भारी बारिश के कारण जलोड़ी जोत  के साथ लगते क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-305 को भारी नुक्सान पहुंचा है। भूस्खलन और पहाड़ी से भारी मलबा गिरने के कारण यह प्रमुख हाईवे 4 अलग-अलग स्थानों पर पूरी तरह से अवरुद्ध हो गया था। हालांकि, प्रशासन ने मुस्तैदी दिखाते हुए सड़क बहाली का कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया है।

इन 4 स्थानों पर बाधित हुआ था हाईवे
जानकारी के अनुसार भारी बारिश के चलते पहाड़ी दरकने से एनएच-305 पर बिंद्राबणी, फडेलनाला, सराली और कोटनाला के समीप खानाग नाला में भारी मलबा आ गिरा था। इन चार स्थानों पर भूस्खलन होने से वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से ठप्प हो गई थी, जिससे स्थानीय लोगों और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

2 स्थानों पर खुला मार्ग, 2 पर मशीनरी तैनात
मार्ग अवरुद्ध होने की सूचना मिलते ही प्रशासन और संबंधित विभाग ने तुरंत हरकत में आते हुए सड़क बहाली का कार्य शुरू कर दिया। सड़क से मलबा हटाने के लिए पर्याप्त मात्रा में जेसीबी मशीनरी और लेबर को मौके पर तैनात किया गया है। राहत की बात यह है कि कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने बिंद्राबणी और फडेलनाला में गिरे मलबे को हटाकर मार्ग को यातायात के लिए बहाल कर दिया है।

जल्द ही पूरी तरह बहाल हो जाएगा हाईवे: एडीएम
एडीएम सुरजीत सिंह राठौर ने स्थिति की जानकारी देते हुए बताया कि बारिश के कारण हाईवे को काफी नुक्सान पहुंचा है और चार जगहों पर यातायात बाधित हुआ था। उन्होंने पुष्टि की है कि दो स्थानों पर मार्ग खोल दिया गया है, जबकि सराली में सड़क खोलने का कार्य अभी प्रगति पर है। इसके अलावा, कोटनाला के समीप खानाग नाला में भी मलबा हटाने के लिए मशीनरी और लेबर लगातार काम कर रही है। एडीएम ने आश्वस्त किया कि शेष दोनों स्थानों पर भी बहाली का कार्य तेजी से चल रहा है और शीघ्र ही पूरे हाईवे को यातायात के लिए सुचारू कर दिया जाएगा।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News