Shimla: महिला कांग्रेस अध्यक्ष जैनब चंदेल ने महिला आरक्षण बिल पर घेरी केंद्र सरकार, कंगना पर भी साधा निशाना

punjabkesari.in Friday, Jul 26, 2024 - 06:08 PM (IST)

शिमला (भूपिन्द्र): प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष जैनब चंदेल ने शुक्रवार को शिमला में पत्रकारों से बातचीत में केंद्र की भाजपा शासित एनडीए सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। चंदेल ने कहा कि लोकसभा चुनावों से पहले महिलाओं के लिए 33 फीसदी आरक्षण का बिल पारित किया गया, लेकिन अब सत्ता में आने के बाद केंद्र सरकार इस पर मौन है। चंदेल ने मांग की कि केंद्र सरकार इस बिल को हरियाणा, महाराष्ट्र, झारखंड और जम्मू-कश्मीर में आगामी विधानसभा चुनावों में लागू करे। इससे महिलाओं की नीति निर्धारण में महत्वपूर्ण भूमिका होगी और ओबीसी व पिछड़े वर्ग की महिलाओं को भी इसमें शामिल किया जाना चाहिए।

इसके अतिरिक्त महिला कांग्रेस की दूसरी प्रमुख मांग कांग्रेस की महालक्ष्मी योजना को लागू करना है, जिसके तहत गरीब महिलाओं के खातों में प्रति वर्ष 1 लाख रुपए या प्रति माह 8500 रुपए डालने की मांग की गई है। चंदेल का कहना है कि आर्थिक तंगी के कारण घरेलू हिंसा होती है, जिसे रोकने के लिए यह योजना आवश्यक है। उन्होंने केंद्र सरकार से सिलैंडर और अन्य खाद्य पदार्थों के दाम घटाने की भी मांग की।

जैनब चंदेल ने महिलाओं के साथ हिंसा और शोषण की घटनाओं पर भी चिंता जताई, खासकर मध्य प्रदेश में महिलाओं को जिंदा गाड़े जाने और महाराष्ट्र में युवती से बलात्कार की घटनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इन घटनाओं पर भाजपा नेताओं ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है। इन मांगों को लेकर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी 29 जुलाई को दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरना प्रदर्शन करेगी, जिसमें महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा की अगुवाई में आरक्षण, आर्थिक सुरक्षा और सामाजिक सुरक्षा पर जोर दिया जाएगा। हिमाचल की महिलाएं भी इस धरने में सक्रिय रूप से भाग लेंगी।

महिला सुरक्षा को लेकर कंगना गंभीर नहीं
जैनब चंदेल ने कहा कि मंडी की सांसद कंगना रनौत महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर नहीं हैं। उन्होंने कंगना से सवाल किया कि वह महिला सुरक्षा को लेकर क्या कर रही हैं। रीवा में महिलाओं को जिंदा गाड़ा गया, लेकिन उन्होंने एक शब्द तक नहीं कहा। संसद में वह महिला सुरक्षा व महंगाई पर आवाज उठाएं।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News