हिमाचल में सत्ता पाने के लिए बनाई भाजपा की गुड़िया हैल्पलाइन बनी हैल्पलैस : नेटा डिसूजा
punjabkesari.in Saturday, Sep 10, 2022 - 09:26 PM (IST)

धर्मशाला (तनुज): प्रदेश की सत्ता में आने के लिए गुड़िया मामले काे हथियार बनाने वाली भाजपा ने गुड़िया हैल्पलाइन शुरू की थी। मौजूदा समय में यह हैल्पलाइन हैल्पलैस हो चुकी है। बेटियों की सहायता के लिए शुरू की गई गुड़िया हैल्पलाइन में शिकायतें तो काफी आती हैं लेकिन उन मामलों पर कार्रवाई नहीं होती है। शनिवार को धर्मशाला में पत्रकार वार्ता के दौरान महिला कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष नेटा डिसूजा ने कहा कि जनवरी, 2018 में शुरू की गई गुड़िया हैल्पलाइन का उद्देश्य महिलाओं को पुलिस सहायता उपलब्ध करवाना था। उन्होंने कहा कि पिछले 3 साल के दौरान 8409 शिकायतें प्राप्त हुई हैं। फरवरी, 2021 से फरवरी, 2022 तक की 1 साल की अवधि में सर्वाधिक 4909 मामले सामने आए। इन सभी मामलों में आज दिन तक कोई संतोषजनक कार्रवाई हिमाचल प्रदेश सरकार एवं पुलिस प्रशासन की ओर से नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि जिस दिशा में अभी हिमाचल प्रदेश की सरकार जा रही है, उससे यही लग रहा है कि देवभूमि की बेटियां सुरक्षित नहीं हैं।
घरेलू हिंसा को लेकर विधायक को घेरा
उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार के एक विधायक पर उनकी पत्नी द्वारा ही घरेलू हिंसा के आरोप लगाए गए लेकिन इस पर कोई उचित कार्रवाई नहीं हुई। नेटा ने कहा कि इससे स्पष्ट होता है कि महिलाओं के प्रति सरकार कितनी गंभीर है। उन्होंने चुनौती दी है कि भाजपा सरकार एक बार बैठकर अपने वर्ष 2017 के चुनावी घोषणापत्र को लेकर बहस करे और स्पष्ट करके चुनावी घोषणापत्र में महिलाओं को लेकर जो भी वायदे किए थे उसमें कौन-सा पूरा किया है।
आर्थिक तौर पर मजबूत और सशक्त होंगी महिलाएं
उन्होंने कहा कि प्रदेश की महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत करने के लिए कांग्रेस की ओर से 10 गारंटी दी गईं हैं। इनमें 18 से 60 साल की महिला को प्रतिमाह 1500 रुपए देने की गारंटी भी शामिल है। महिलाओं को मिलने वाले इस आर्थिक सहयोग से महिलाएं आर्थिक तौर पर मजबूत और सशक्त होंगी। उन्होंने कहा कि इस योजना के लिए पैसा कहां से और कैसे आएगा ये सब कांग्रेस हाईकमान के विशेषज्ञों से बातचीत करने के बाद निर्धारित कर लिया है।
महिला प्रत्याशियों को टिकट देकर राजनीति में भागीदारी बढ़ाई
नेटा डिसूजा ने कहा कि प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों के दौरान महिला प्रत्याशियों को टिकट देकर राजनीति में भागीदारी बढ़ाई जाएगी। उन्होंने कहा कि धर्मशाला में सांसद और विधायक दोनों होने के बावजूद धर्मशाला शहर की हालत खराब है, एक भी नया काम शुरू नहीं हो पाया है।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here