ससुराल की प्रॉपर्टी पर कब्जा करना महिला को पड़ा महंगा, पढ़ें पूरी खबर

punjabkesari.in Saturday, Dec 22, 2018 - 10:42 AM (IST)

अम्ब : ससुराल की प्रॉपर्टी को कथित रूप से अपने कब्जे में करना महिला को महंगा पड़ा। महिला मृतक ससुर के पैसों के साथ ससुराल की जायदाद पर अपना हक जता रही थी, लेकिन उसके लालच को देखते हुए उसकी ननदों ने भी प्रॉपर्टी पर अपना हक जमा दिया है। मामला उपमंडल अम्ब के एक गांव का है। यहां पर एक महिला ससुराल में अपने मृतक ससुर की लाखों की सम्पत्ति (एफ.डी.) पर यह कहकर हक जमा रही थी कि उसने वृद्ध ससुर की सेवा की हुई है। सूत्रों के मुताबिक वृद्ध की मृत्यु के बाद उनकी धर्मशांति में खर्चे को लेकर परिवार में विवाद उस समय गहरा गया, जब वह लाखों की एफ.डी. की रकम को एक तरफ रखते हुए कार्यक्रम में हुए खर्चे को 2 भाइयों के हिस्सों में बांटने के साथ-साथ घर की प्रॉपर्टी के बंटवारे को लेकर वह शिकायत लेकर पुलिस के पास पहुंच गई।

ननदों ने भी पिता की सम्पत्ति पर अपना हक जताया

बताया जा रहा है कि महिला किसी भी कीमत पर बंटवारे को लेकर राजी नहीं हुई। उसके लालच को देखते हुए उसकी 3 ननदों ने भी पिता की सम्पत्ति पर अपना हक जमा दिया और अपने मायके की सम्पत्ति की बराबर हिस्सेदार होने का दावा कर दिया। सूत्रों के मुताबिक लड़कियों ने कहा कि वे अपने पिता की सम्पत्ति को किसी धर्म स्थान में उनकी स्मृति में खर्च करेंगी। यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। संबंधित ग्राम पंचायत के आला प्रतिनिधि का कहना है कि वृद्ध की मृत्यु के बाद धर्मशांति कार्यक्रम में हुए खर्चे के बंटवारे एवं सम्पत्ति को लेकर 2 सगे भाइयों के परिवारों में उपजे विवाद को सुलझाने के लिए हरसंभव प्रयास किया गया है। घर के मुखिया की मौत के बाद पिछले लंबे अरसे से 2 सगे भाइयों के परिवारों के बीच उक्त विवाद चल रहा है। डी.एस.पी. अम्ब मनोज जम्वाल का कहना है कि इस मामले में पुलिस शिकायत के आधार पर जांच-पड़ताल कर रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

kirti

Recommended News

Related News