Kangra: महिला ने उठाया खौफनाक कदम...2 बच्चों के सिर से उठा मां का साया, पति-सास पर लगे प्रताड़ना के गंभीर आरोप

punjabkesari.in Friday, May 01, 2026 - 06:14 PM (IST)

ज्वालामुखी (नितेश): जिला कांगड़ा के पुलिस थाना मझीन के अंतर्गत एक बेहद दुखद मामला सामने आया है, जहां 32 वर्षीय विवाहिता ने फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। मृतका की पहचान उर्मिला पत्नी चंदन निवासी गांव भटाल कलां, डाकघर सियालकड़ व तहसील खुंडियां के रूप में हुई है। घटना के बाद मृतका के मायके पक्ष ने पति और सास पर प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार उर्मिला ने शुक्रवार तड़के घर के बाहर एक पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। इस हृदयविदारक घटना से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। महिला अपने पीछे 6 और 7 वर्ष के दो छोटे बेटे छोड़ गई है।

मृतका की मां गुड्डो देवी निवासी गांव मरयाणा ने उर्मिला के पति चंदन और सास कश्मीरा पर प्रताड़ना के गंभीर आरोप जड़े हैं। गुड्डो देवी का कहना है कि उनकी बेटी को पति और सास द्वारा आए दिन परेशान किया जाता था। उन्होंने आरोप लगाया कि पति अक्सर शराब के नशे में उर्मिला के साथ मारपीट करता था। मृतका की मां ने एसपी देहरा मयंक चौधरी से गुहार लगाई है कि बेटी की मौत के दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए।

मामले की पुष्टि एसपी देहरा मयंक चौधरी ने की है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को मृतका के पास से कोई भी सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस ने देहरा अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News