Kangra: बज्रेश्वरी घाट पर बंदरों के हमला से श्रद्धालु घायल
punjabkesari.in Saturday, Jul 25, 2026 - 07:54 PM (IST)
कांगड़ा (अविनाश): कांगड़ा शहर के होशियारपुर रोड स्थित पुराने बज्रेश्वरी घाट पर शनिवार शाम श्रद्धालुओं पर बंदरों के झुंड ने हमला कर दिया। हमले में फरीदाबाद से आए तीन श्रद्धालु मामूली रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार फरीदाबाद निवासी रामसुंदर, प्रताप कुमार और रामादेवी माता बज्रेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद वापस लौट रहे थे। इस दौरान वे पुराने बज्रेश्वरी घाट पर फोटोग्राफी के लिए रुके, तभी अचानक बंदरों के एक झुंड ने उन पर हमला कर दिया। श्रद्धालुओं ने बताया कि बंदरों के हमले से उन्हें मामूली चोटें आईं। उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज करवाना उचित नहीं समझा और इसके बाद वे वापस फरीदाबाद के लिए रवाना हो गए। श्रद्धालुओं ने प्रशासन से मांग की है कि पुराने बज्रेश्वरी घाट और आसपास के क्षेत्रों में बढ़ रही बंदरों की संख्या पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।

