Kangra News: विवाहिता ने उठाया खौफनाक कदम, 2 बेटियों के सिर से उठा मां का साया; पति समेत ससुराल पक्ष के 5 लोगों पर मामला दर्ज

punjabkesari.in Thursday, Jul 30, 2026 - 04:15 PM (IST)

कांगड़ा (कालड़ा): कांगड़ा पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले खोली गांव में एक 38 वर्षीय विवाहिता की जहरीला पदार्थ निगलने से मौत होने का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान पूजा के रूप में की गई है, जोकि अपने पीछे 2 बेटियां छोड़ गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार महिला की शादी वर्ष 2013 में हुई थी। बताया जा रहा है कि बीते बुधवार की शाम पूजा ने अपने ससुराल में किसी संदिग्ध जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। तबीयत बिगड़ने पर ससुराल वाले उसे तुरंत डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा लेकर गए, लेकिन वहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। वहीं महिला की मौत के बाद मायका पक्ष ने ससुरालियों पर शारीरिक व मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं, जिसके आधार पर पुलिस ने पति सहित ससुराल के 5 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

मृतका के भतीजे अनीश और उसकी मां ने पुलिस को दी शिकायत में ससुरालियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। अनीश ने बताया कि शादी के 7 साल तक पूजा को कोई संतान नहीं हुई, जिसे लेकर उसे ताने दिए जाते थे। 7 साल बाद जब उसने दो लड़कियों को जन्म दिया, तब भी उसे प्रताड़ित किया जाता रहा। इसके अलावा दहेज में मायके से जमीन न लाने को लेकर भी उसे लगातार मानसिक तौर पर परेशान किया जाता था। परिजनों का आरोप है कि संयुक्त परिवार होने के बावजूद पूजा को यह कहकर ताने दिए जाते थे कि उसे खाना बनाना नहीं आता। उसे रसोई से बेदखल कर दिया गया, जिसके चलते मजबूरी में पूजा को अपना चूल्हा अलग करना पड़ा। मायके वालों का सबसे गंभीर आरोप यह है कि ससुराल वाले पूजा के ही बच्चों को उसके खिलाफ गुमराह करते थे और भड़काते हुए कहते थे कि यह तुम्हारी मां नहीं है।

मृतका की मां की शिकायत के आधार पर कांगड़ा पुलिस ने पति, सास, ससुर, जेठ और जेठानी के खिलाफ धारा 108, 3(5) और 498-ए के तहत मामला दर्ज कर लिया है। वीरवार को टांडा मेडिकल कॉलेज में शव के पोस्टमार्टम के दौरान अस्पताल परिसर में मायका और ससुराल दोनों पक्षों के लोग भारी संख्या में मौजूद रहे। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है ताकि मौत के असल कारणों और आरोपों की सच्चाई सामने आ सके।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News