Kullu: घर में चल रहे नशे के कारोबार का पर्दाफाश, पुलिस ने 2.990 KG चरस के साथ रंगे हाथों धरी महिला

punjabkesari.in Sunday, Nov 01, 2026 - 05:03 PM (IST)

कुल्लू (शंभू): हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। उपमंडल आनी में पुलिस की विशेष टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक मकान से 2.990 किलोग्राम चरस बरामद की है। भारी मात्रा में मादक पदार्थ मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी महिला को मौके पर ही गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार उपमंडल स्तरीय डिटैक्शन सैल आनी की टीम क्षेत्र में गश्त और खुफिया निगरानी पर थी। इसी दौरान टीम को आनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत कूट गांव में नशीले पदार्थों के भंडारण की गुप्त सूचना मिली। सूचना के आधार पर टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कूट गांव डाकघर लगौटी व तहसील आनी निवासी जोवनदासी पत्नी गोपाल सिंह के रिहायशी मकान पर दबिश दी।

तलाशी के दौरान मकान के भीतर से 2.990 किलोग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस ने चरस को कब्जे में लेकर आरोपी महिला को तुरंत हिरासत में ले लिया। आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना आनी में मादक पदार्थ अधिनिय की धारा 20 के तहत अभियोग पंजीकृत कर आगामी कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि चरस की यह बड़ी खेप कहां से लाई गई थी और इसे किसे सप्लाई किया जाना था। इस तस्करी नैटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान के प्रयास भी जारी हैं।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News