हिमाचल में पुलिस टीम पर हमला, भीड़ ने चरस तस्करों को जबरन छुड़ाया; महिला पंचायत प्रधान समेत कई लोगों पर मामला दर्ज
punjabkesari.in Monday, Oct 19, 2026 - 10:58 AM (IST)
Kullu News : हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में चरस बरामद करने गई पुलिस टीम पर भीड़ द्वारा हमला करने और आरोपियों को छुड़ा ले जाने का मामला सामने आया है। लगवैली के जकरेहड़ में हुई इस घटना में पंचायत प्रधान, उसके पति और उपप्रधान समेत करीब 30 से 40 लोगों पर पुलिस कर्मियों से हाथापाई करने और जब्त चरस छीनने के गंभीर आरोप लगे हैं। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
गुप्त सूचना पर पहुंची थी पुलिस
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह (17 अक्टूबर) पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति पैदल रास्ते से कुल्लू की ओर चरस की तस्करी कर रहे हैं। सूचना के आधार पर कार्रवाई करने पहुंची पुलिस को देखकर संदिग्धों ने भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने दोनों को मौके पर ही दबोच लिया और उनके पास से चरस बरामद की। पुलिस के अनुसार, खबर फैलते ही स्थानीय महिला प्रधान, उनके पति और उपप्रधान के नेतृत्व में 30 से 40 लोगों का समूह मौके पर एकत्र हो गया। आरोप है कि भीड़ ने पुलिस दल पर हमला कर दिया और आरोपियों एवं बरामद चरस को जबरन छुड़ा लिया।
508 ग्राम चरस बरामद
घटना के दौरान मची छीनाझपटी में कुछ चरस सड़क पर गिर गई थी, जिसे पुलिस ने अपने कब्जे में लिया। तौलने पर यह 508 ग्राम पाई गई। वहीं, पुलिस ने पंचायत प्रधान, उसके पति और उपप्रधान समेत कई लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

