काेविड काल में ड्यूटी को प्राथमिकता देने वालीं जोगिंद्रनगर अस्पताल की डॉक्टर आंचल सम्मानित
punjabkesari.in Sunday, Feb 27, 2022 - 05:56 PM (IST)

जोगिंदरनगर (लक्की शर्मा) : मंडी जिला के उपमंडल जोगिंद्रनगर में बकोल चिकित्साधिकारी 2 साल के कार्यकाल में सराहनीय सेवाओं पर सिविल अस्पताल की महिला चिकित्सक डॉ. आंचल को एसडीएम डॉ. मेजर विशाल शर्मा ने सम्मानित किया। वहीं उनकी पदोन्नती पर बधाई देते हुए कहा कि बिना किसी भेदभाव कोरोना संक्रमितों को उपचार दिलाने के साथ-साथ जरूरतमंद मरीजों को उनके घर द्वार भी स्वास्थ्य लाभ दिलाकर अस्पताल की महिला चिकित्सक ने जो मिसाल पेश की है। वह सभी के लिए प्रेरणा स्त्रोत बनेगी। उन्होंने कहा कि कोरोना काल की पहली, दूसरी लहर में जब लोग घरों में बंद थे उस दौरान भी संक्रमित मरीजों को उपचार दिलाने में महिला चिकित्सक डॉ. आंचल ने अपने दायित्व को बखूबी निभाया।
मौके पर मौजूद अस्पताल की अन्य चिकित्सक डॉ. बंदना शर्मा ने कहा कि उन्हें जो भी दायित्व अस्पताल प्रबंधन द्वारा सौंपा गया था, उसे पूरी ईमानदारी और निष्ठा से निभाया। रविवार को डॉ. आंचल के सम्मान में आयोजित सम्मान समारोह में बतौर मुख्यातिथि पहुंचे एसडीएम डॉ. मेजर विशाल शर्मा ने उपहार भेंट कर सम्मानित किया और 2 साल तक जोगिंद्रनगर वासियों के लिए दी गई सराहनीय सेवाओं को सराहा। उन्होंने कहा कि उनकी पदोन्नति पर सभी गर्व महसूस कर रहे हैं। जोगिंद्रनगर में उनकी सेवाओं को हमेशा याद रखा जाएगा। डॉ. आंचल का बायो कैमिस्टरी की पढ़ाई के लिए चयन हुआ है और वह अब मेडिकल कॉलेज में सेवाएं देंगी। सम्मान हासिल करने के बाद डॉ. आंचल ने कहा कि स्थानीय प्रशासन और लोगों के बेहतर तालमेल से ही वह मरीजों की सेवा में समर्पित रहीं। अब पदोन्नति के बाद वह प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों में भी अपने दायित्व का पूरी ईमानदारी के साथ निर्वहन करेंगी।
कोविड में 8 हजार सैंपल, बेहतर सेवाओं के लिए स्थानीय प्रशासन से मिला था सम्मान
कोविड की पहली और दूसरी लहर में 8 हजार से अधिक कोविड सैंपल लेने वाली महिला चिकित्सक डॉ. आंचल को स्थानीय प्रशासन से पहले भी सम्मान मिल चुका है। वह प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग के शिविरों में भी आम जनता के स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता फैलाई। वैक्सीनेशन अभियान में भी डॉ. आंचल को जो जिम्मेदारी सौंपी गई थी, उसमें भी अपनी सेवाओं से कइयों को लाभान्वित किया।