Weather Update: हिमाचल में 2 दिन रहेगा यैलो अलर्ट

punjabkesari.in Thursday, Aug 24, 2023 - 10:04 PM (IST)

शिमला (संतोष): राज्य में 2 दिन यैलो अलर्ट के बाद मानसून शिथिल पड़ जाएगा, जिससे लोग राहत की सांस लेंगे। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार व शनिवार को यैलो अलर्ट रहेगा और उसके बाद किसी भी प्रकार का कोई अलर्ट नहीं रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक सुरिंद्र पाल के अनुसार 24 सितम्बर तक मानसून राज्य से विदा लेता है और अभी आगामी 5-6 दिनों तक मानसून शांत हो जाएगा। सितम्बर में इसका कैसा असर रहेगा, यह आगामी दिनों ही पता चल पाएगा। मौसम के थोड़ा राहत वाली खबर से हिमाचल के लोग भी चैन की सांस लेंगे क्योंकि लोग अब तो थोड़ी-सी ही बारिश में बेचैन हो उठते हैं और रातें जाग-जागकर काटने को लाचार होकर रह गए हैं। 

24 घंटों में कहां-कहां हुई बारिश
पिछले 24 घंटों में राज्य में मानसून सक्रिय रहा और अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्य व कई जगहों पर भारी से बहुत भारी वर्षा हुई। इसमें जोगिंद्रनगर में 15, पालमपुर में 14, नाहन में 9, शिमला में 8, पंडोह में 7, धर्मशाला में 7 संगड़ाह में 7, राजगढ़ में 7, पच्छाद में 6, सोलन में 6, रोहड़ू में 6, मंडी में 6, रेणुका में 5, कटौला में 5, नयनादेवी में 4, चौपाल में 4, कांगड़ा में 4, कंडाघाट में 4, अर्की में 4, कोटखाई में 4, सुजानपुर टिहरा में 4, कुफरी में 3, पांवटा में 3, नगरोटा सूरियां में 3, भुंतर में 3, करसोग में 3, डल्हौजी में 3, नारकंडा में 3, शिलारू में 2 व सराहन में 2 सैंटीमीटर वर्षा हुई है। वीरवार को राजधानी शिमला में सुबह धूप खिली व शाम को धुंध ने इसे अपने आगोश में ले लिया। गुरुवार को धर्मशाला में 5.2, नाहन में 3.7, कांगड़ा में 0.3 व डल्हौजी में 1 मिलीमीटर वर्षा हुई है। 

नुक्सान का आंकड़ा 84.50 अरब पार
24 जून से शुरू हुई बरसात के 62 दिनों में अब तक राज्य को 84.50 अरब रुपए की संपत्ति का नुक्सान हो चुका है। इसमें लोक निर्माण विभाग को सबसे अधिक 28.29 अरब, जल शक्ति विभाग को 20.61 अरब और विद्युत बोर्ड को 17.31 अरब रुपए का नुक्सान हो चुका है। इस अवधि में 367 लोगों की जानें भी चली गई हैं, जिनमें से 136 लोग भूस्खलन, बाढ़ आने व बादल फटने की घटनाओं में मौत की नींद सो गए हैं। राज्य में भूस्खलन की 156 व बाढ़ आने की 63 घटनाएं घटित हो चुकी हैं, जिसमें भूस्खलन के कारण 102, बाढ़ आने से 18 व बादल फटने की घटनाओं में 16 लोगों की मौत हुई है। 40 लापता लोगों में से भूस्खलन से 8, बाढ़ आने से 17 व बादल फटने से 2 लोग मिसिंग हंै। राज्य में 2,346 मकान जमींदोज हुए हैं, जबकि 10,135 मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं। 303 दुकानों व 5,048 गऊशालाओं को भी नुक्सान पहुंचा है। 

शिमला में 3, कांगड़ा में 1 एनएच सहित प्रदेश में 729 सड़कें बंद
हिमाचल में 4 नैशनल हाईवे बंद हैं। इनमें जिला शिमला में 3 एनएच-305, एनएच-705 और एनएच-21ए, वहीं कांगड़ा जिले के शाहपुर सर्कल के तहत एनएच-03 बंद हैं। 729 सड़कें प्रदेश में अवरुद्ध हैं, जिसमें से शिमला जोन में 229, मंडी जोन में 282, हमीरपुर जोन में 125, कांगड़ा जोन में 89 सड़कें शामिल हैं। विभाग के अनुसार 138 सड़कें 25 अगस्त को और 353 सड़कें उसके बाद यातायात के लिए खोल दी जाएंगी। 

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News