इन सात जिलों में अब भी सता सकता है मौसम

punjabkesari.in Wednesday, Aug 26, 2020 - 01:16 PM (IST)

शिमला : हिमाचल प्रदेश में मौसम का असर लगातार देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग की चेतावनी अनुसार प्रदेश भर में मंगलवार को बारिश का मिला जुला असर देखने को मिला था। जबकि रोहतांग दर्रा सहित लाहुल की ऊंची चोटियों पर बर्फ के फाहे गिरे हैं। मौसम विभाग ने आगामा चार दिन तक प्रदेश में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार प्रदेश में 28 अगस्त तक भारी बारिश होगी। वहीं, 26 अगस्त को प्रदेश के सात जिलों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, मंडी, सोलन और सिरमौर में येलो और आरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार प्रदेश में 31 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रहेगा। 

मंगलवार को हुई बारिश से प्रदेश के नदी नाले उफान पर हैं। कई स्थानों पर भूस्खलन की भी सूचनाएं मिली हैं, जिससे वाहनों की आवाजाही भी बाधित हुई है। कुल्लू जिला में हुई बारिश ने यहां का जनजीवन अस्त व्यस्त कर दिया है। सुबह के समय हुई बारिश से सेब तुड़ान पर भी असर पड़ा। वहीं रामशिला व जिया में चल रहे फोरले के काम से सड़क दलदल में बदल गई है, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों को काफी मुशिकलों का सामना करना पड़ा। जिला में कई स्थानों पर भूस्खलन भी हुआ जिससे वाहनों की आवाजाही भी थोड़ी देर के लिए बाधित रही। प्रदेश में हो रही बारिश से नदी नाले उफान पर हैं। प्रशासन ने लोगों से नदी नालों की ओर ना जाने की अपील की है। वहीं रोहतांग दर्रे और लाहुल की ऊंची चोटियों पर बर्फ के फाहे गिरने से तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। 

बुधवार को भी प्रदेश के कई इलाकों में मौसम खुशगवार बना हुआ है। बादल छाए हुए हैं। वहीं, शिमला में सुबह धूप खिलने के बाद हल्के बादल छाए हैं। बारिश के कारण सुबह मंडी-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर मलबा व पेड़ गिरने से आवाजाही बंद हो गई थी। करीब दो घंटे तक एनएच पर यातायात बंद रहा और बाद में ग्रामीणों ने कुल्हाड़ी-दराट से पेड़ काटकर मार्ग बहाल किया। प्रदेश में बारिश व भूस्खलन के कारण 99 सड़कें यातायात के लिए बंद हैं। जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम तक प्रदेश में मंडी जोन में 54, शिमला जोन में 29, कांगड़ा जोन में 13 और हमीरपुर जोन में तीन सड़कें बंद थी। इससे पहले, मंगलवार को शिमला के जुब्बड़हट्टी में सबसे अधिक 15 एमएम बारिश हुई। वहीं, चंबा के डलहौजी में तीन और कल्पा में एक मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

prashant sharma

Recommended News

Related News