Hamirpur : विश्व हिंदू परिषद ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को लिखा पत्र, धर्मांतरण और ‘लव जिहाद’ पर सख्त कानून बनाने की मांग
punjabkesari.in Saturday, Apr 18, 2026 - 06:42 PM (IST)
Hamirpur News : विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने शनिवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को ज्ञापन भेजकर कथित धर्मांतरण और 'लव जिहाद' पर अंकुश लगाने के लिए कड़े कानून की मांग की।
विहिप ने ऐसी घटनाओं में वृद्धि पर चिंता की व्यक्त
विहिप के राज्य संयुक्त सचिव पंकज भारतीय ने पत्रकारों से बात करते हुए ऐसी घटनाओं में वृद्धि पर चिंता व्यक्त की और कड़े कानून बनाने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि कॉर्पोरेट और वाणिज्यिक क्षेत्रों में भी हिंदू महिलाओं से जुड़े धर्मांतरण व 'लव जिहाद' की घटनाएं सामने आ रही हैं। पंकज ने कहा, "नासिक में प्रतिष्ठित संस्थानों से जुड़ी हालिया घटनाओं से स्पष्ट है कि 'लव जिहाद' का जाल अब शिक्षित वर्ग और व्यावसायिक क्षेत्रों तक फैल चुका है।" पंकज ने देश के विभिन्न हिस्सों में वन, सार्वजनिक और रेलवे भूमि पर अतिक्रमण का आरोप लगाते हुए इसे राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा बताया तथा दावा किया कि सामाजिक अशांति फैलाने के लिए खाद्य पदार्थों में मिलावट की घटनाएं की जा रही हैं।
बजरंग दल के नेताओं ने की ये मांग
इस बीच, हमीरपुर में बजरंग दल के नेताओं ने कहा कि उनका संगठन राष्ट्र की एकता और अखंडता को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है तथा ऐसी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करता है।

