अनुराग ठाकुर ने साधा निशाना, बोले-भ्रष्टाचार को छिपाने के लिए प्रदर्शन कर रही कांग्रेस
punjabkesari.in Thursday, Jun 16, 2022 - 10:29 PM (IST)

ऊना (सुरेन्द्र): केन्द्रीय सूचना एवं प्रसारण तथा खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि भ्रष्टाचार को छिपाने के लिए कांग्रेस द्वारा किए जा रहे प्रदर्शन कांग्रेस का चाल चरित्र और चेहरा बता रहे हैं। ईडी द्वारा की जा रही पूछताछ और इस संदर्भ में कांग्रेस द्वारा किए जा रहे विरोध प्रदर्शन पर अम्ब में पूछे गए सवाल पर प्रतिक्रिया देते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जहां एक तरफ कांग्रेसी भ्रष्टाचार में डूबे हैं, वहीं जांच एजैंसियों के काम में बाधा उत्पन्न कर रहे हैं। कांग्रेस शासित राज्यों में मुख्यमंत्री अपने कामकाज को छोड़कर 5-5 दिन से राजधानी में आकर बैठे हुए हैं। यह अपने आप में दिखाता है कि दबाव बनाने का काम किया जा रहा है। एक पार्टी व एक परिवार द्वारा भ्रष्टाचार हुआ है उसे छिपाने का कांग्रेस द्वारा काम किया जा रहा है। लड़ाई लोकतंत्र को बचाने की नहीं बल्कि हजारों करोड़ की प्रापर्टी को बचाने की है।
हिमाचल को अपना दूसरा घर मानते हैं मोदी
प्रधानमंत्री के लगातार हिमाचल दौरों के संदर्भ में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मोदी हिमाचल को अपना दूसरा घर मानते हैं। आज एक बार फिर देश भर के मुख्य सचिवों के साथ बैठक करने धर्मशाला पहुंचे हैं। उनका स्वागत अभिनंदन गर्मजोशी के साथ हुआ है। 2 दिन रहकर प्रधानमंत्री यहां देश भर के मुख्य सचिवों के साथ इस बात की चर्चा करेंगे कि देश भर में कैसे बेहतर काम हुआ है। हिमाचल में यह बैठक होना बड़ी बात है।
46000 युवाओं को मिलेगा सेना में जाने का अवसर
अग्निपथ योजना पर देश भर में हो रहे विरोध प्रदर्शन के सवाल पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि लम्बी चर्चा के बाद यह योजना लाई गई है। अग्निवीर की भर्ती करने के लिए एक रास्ता खोला गया है ताकि देश भर के 46000 ऐसे नौजवानों को देश की सेना में अपनी सेवाएं देने का अवसर मिले। 46000 हर वर्ष अग्निवीर भर्ती होते हैं तो बड़ी संख्या देखने में मिलती है। 4 वर्ष का इनका कार्यकाल रहेगा। जब 4 वर्ष के बाद ये रिटायर्ड होंगे तो 25 प्रतिशत अगले 15 वर्ष के लिए फिर से भर्ती किए जाएंगे जो सेना में सेवाएं देंगे। 4 लाख 70 हजार रुपए एक वर्ष के मिलेंगे और चौथे वर्ष बढ़कर 6 लाख 92 हजार हो जाएंगे। 4 वर्ष के बाद 11 लाख रुपए अलग मिलेंगे। 10वीं में कोई बच्चा है और सेना में भर्ती होता है तो 4 वर्ष बाद उसे 12वीं का सर्टीफिकेट भी मिलेगा। उसका स्किल पहले से बेहतर होगा। 4 वर्षों में कुल 30 लाख रुपए का लाभ मिलेगा। एक तरफ देश की सेवा करने का अवसर मिलेगा, वहीं सर्टीफिकेट व प्रशिक्षण भी मिलते हैं। 4 साल बाद वह किसी भी सरकार व प्राइवेट सैक्टर में जाएगा या फिर केंद्रीय पुलिस बलों में जाने का अवसर मिलता है तब भी उसके पास कई अवसर सामने हैं। दुनिया के काफी देशों में इसी तर्ज पर सेवाएं दी जाती हैं।
युवाओं को किया जाएगा जागरूक
अग्निपथ योजना को लेकर देश भर में हो रहे विरोध प्रदर्शन के सवाल पर केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि इस योजना की जानकारी मीडिया, सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से पहुंचाई जाएगी। युवाओं को सच्चाई से अवगत करवाया जाएगा कि किस प्रकार यह योजना उनके लिए फायदेमंद है। कैसे उनका भविष्य उज्ज्वल हो सकता है, इसको लेकर युवाओं को समझाया जाएगा। बहुत से उद्योगपतियों ने भी आगे आकर अपनी बात रखी है कि कैसे वह प्राथमिकता देंगे।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here