संविधान व सनातन की धज्जियां उड़ा रहे कांग्रेस व उसके सहयोगी : अनुराग ठाकुर
punjabkesari.in Sunday, Sep 17, 2023 - 06:20 PM (IST)

शिमला (भूपिन्द्र): कांग्रेस व उसके सहयोगी संविधान तथा सनातन को अपमानित कर रहे हैं। यह बात प्रधानमंत्री मंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर पीएम विश्वकर्मा योजना को शिमला में शुरू करने पहुंचे केंद्रीय युवा सेवाएं, खेल एवं सूचना प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने रविवार को मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में कही। उन्होंने राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रियंका वाड्रा आपदा के 2 महीने बाद हिमाचल आईं। शिमला में अपने घर भी जरूर गई होंगी। उन्हें हिमाचल के नेताओं ने शायद बताया नहीं कि केंद्र सरकार ने आपदा प्रभावित लोगों की हरसंभव मदद की है। केंद्र ने 862 करोड़ का बजट आपदा राहत राशि के तौर पर जारी किया है। इसके अलावा 5 हजार घर पहले और 6 हजार घर अब मंजूर किए हैं, साथ ही पीएम मोदी ने आश्वासन दिया है कि किसी तरह की कमी नहीं आने दी जाएगी।
कांग्रेस को वन नेशन वन इलैक्शन से क्या दिक्कत
अनुराग ने कहा कि कांग्रेस यदि धन्यवाद नहीं करना चाहती तो अपमानित भी न करे। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस आपदा के समय में भी राजनीति कर रही है। इससे अधिक दुर्भाग्यपूर्ण क्या होगा। अनुराग ने कहा कि वन नेशन वन इलैक्शन देश हित में है। उन्होंने सवाल किया कि आखिर कांग्रेस को इससे दिक्कत क्यों है। वन नेशन वन इलैक्शन से समय व पैसा बचेगा। कर्मचारी व नेता चुनाव के स्थान पर अपने समय को देश सेवा में लगा सकेंगे।
इंडिया गठबंधन अहंकारी व घमंडी लोगों का मिश्रण
अनुराग ने कहा कि इंडिया गठबंधन अहंकारी व घमंडी लोगों का मिश्रण है, जिनके पास देश के लिए विजन व रोड मेप नहीं है। उन्होंने इंडिया गठबंधन पर हमला बोलते हुए कहा कि वह कई दौर की बैठक के बाद न चेहरा तलाश पाए है और न संयोजक। यह सभी भ्रष्ट यूपीए के चेहरे, जिन्होंने नाम बदलने का काम किया है, चाल व चेहरा पुरानी ही है, उनके पास ऐसा नेता नहीं है जो देश में चुनाव जीता सके।
कांग्रेस शासित राज्यों में दबाए जा रहे महिला उत्पीड़न के मामले
अनुराग ने हिमाचल में बिगड़ती कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि सीएम के गृह जिला हमीरपुर में बहन के साथ हुई अत्याचार की घटना सबको शर्मसार करने वाली है। इस पर उचित कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासित राज्यों में महिला उत्पीड़न की घटनाओं को दबाने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राजस्थान में रोज 17 महिलाओं के साथ दुष्कर्म होता है। कांग्रेस मणिपुर के एक मामले पर कार्रवाई की मांग तो करती है लेकिन राजस्थान में कांग्रेस नेताओं का जाना नहीं होता है, उसे दबाने का काम होता है।
अनुराग ने ये भी कहा
- विश्व कप मैच के दौरान सट्टा बाजार पर नकेल कसने के लिए पुलिस को दिए आदेश।
- मैच तो होते रहेंगे लेकिन सट्टे पर स्थानीय पुलिस को कार्रवाई करनी चाहिए।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here