ऊना व संतोषगढ़ में चैलेंजर ट्रॉफी 23 दिसम्बर से

punjabkesari.in Monday, Dec 21, 2020 - 07:08 PM (IST)

ऊना (सुरेन्द्र): एच.पी.सी.ए. के सचिव सुमित शर्मा ने कहा हिमाचल प्रदेश क्रिकेट संघ ने केंद्रीय गृह मंत्रालय और प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग के कोविड-19 गाइडलाइंस के अनुसार 23 दिसम्बर से हिमाचल प्रदेश के परफॉर्मैंस के आधार पर 4 टीमों का चयन कर ऊना व संतोषगढ़ में चैलेंजर ट्रॉफी करवाने का निर्णय लिया है। यहां जारी प्रैस बयान में उन्होंने कहा कि इस ट्रॉफी में उम्दा प्रदर्शन करने वाले खिलाडिय़ों को जनवरी महीने में बी.सी.सी.आई. द्वारा देश के 6 अलग-अलग स्थानों पर शुरू की जा रही सैयद मुश्ताक अली टी-20 ट्रॉफी में भेजा जाएगा। हिमाचल की टीम गुजरात के बड़ोदरा में अन्य 5 टीमों के साथ टी-20 प्रतियोगिता के ग्रुप सी में प्रतिभागी होगी। सुमित ने बताया कि आगामी घरेलू क्रिकेट को किस प्रकार से कोविड-19 गाइडलाइंस के अनुसार करवाया जाएगा, इस हेतु बी.सी.सी.आई. की 89वीं बैठक गुजरात के अहमदाबाद में 23-24 दिसम्बर को होगी। बैठक में संघ सचिव हिमाचल का प्रतिनिधित्व करेंगे।

सुमित शर्मा ने कहा कि हाल ही में हिमाचल प्रदेश क्रिकेट संघ की अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में संपन्न हुई 15वीं सालाना बैठक में एच.पी.सी.ए. और बी.सी.सी.आई. के पूर्व अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने अन्य सदस्यों की भांति एक सदस्य के रूप में शिरकत की। बैठक में बी.सी.सी.आई. के नवनियुक्त कोषाध्यक्ष अरुण सिंह धूमल ने भी अपने मूल प्रदेश की क्रिकेट संघ की इस बैठक में विशेष रूप से उपस्थिति दर्ज करवाई। इस दौरान वित्तीय बजट के अलावा खेल और प्रशासनिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने के नीतिगत निर्णय लिए गए।

पूर्व अध्यक्ष एच.पी.सी.ए. अनुराग ठाकुर ने ग्रामीण क्षेत्र में क्रिकेट को बढ़ावा देने के लिए सुझाव दिए व खिलाडिय़ों के लिए अधिक से अधिक एक्सपोजर मैचों के आयोजन पर विचार करने पर बल दिया। कोषाध्यक्ष अरुण ने एच.पी.सी.ए. को खेल मैदान व आधारभूत ढांचे की मजबूती को आगे बढ़ाने के उपाय अपनाने पर बल दिया। संघ के सचिव सुमित शर्मा ने बताया कि हिमाचल प्रदेश क्रिकेट संघ के सभी सदस्यों ने अरुण सिंह धूमल और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर को नई जिम्मेदारियां प्राप्त करने के पश्चात पहली बार वार्षिक आम बैठक में सम्मिलित होने के लिए एच.पी.सी.ए. के निदेशक, सदस्यों व जिला प्रतिनिधियों की तरफ से सम्मानित किया गया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Kuldeep

Recommended News

Related News