4 वर्षों से ठेकों की नीलामी न होना प्रदेश का सबसे बड़ा स्कैम : अग्निहोत्री

punjabkesari.in Monday, Jan 24, 2022 - 10:35 PM (IST)

ऊना (सुरेन्द्र): नेता विपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने आरोप लगाया है कि हिमाचल प्रदेश में शराब का सबसे बड़ा घोटाला है। पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि 4 वर्षों से ठेकों की नीलामी न होने से प्रदेश को अरबों रुपए की चपत लगी है। यह सबसे बड़ा स्कैम है। ऐसे कौन से लोग हैं जो चाहते हैं कि ठेकों की नीलामी न हो और किन लोगों के हित हैं जो साधे जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ठेके नीलाम न होने देने के पीछे हर साल उगाही होती है। इस साल भी यह उगाही शुरू हो चुकी है।

मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि क्योंकि मैं इस मामले को प्रमुखता से उठाता आया हंू, ऐसे में षड्यंत्र करके हमले किए जा रहे हैं। इससे कोई फायदा नहीं होगा। यह मामला बेनकाब हो चुका है। उन्होंने सरकार से पूछा कि ठेके नीलाम न होने के पीछे जो उगाही होती है, वह पैसा किसकी जेब में जाता है। इसका खुलासा होना चाहिए। अग्निहोत्री ने कहा कि उनका किसी पर व्यक्तिगत आरोप नहीं है लेकिन प्रदेश में समानांतर शराब का कारोबार चल रहा है। एक तरफ ठेकों की नीलामी नहीं हो रही है और दूसरी तरफ अवैध शराब समानांतर तौर पर बेची जा रही है। इससे पहले एल-1 ठेकेदारों ने विभाग को शिकायत की थी कि उनकी शराब नहीं बिक रही है तो आखिर किसकी बिक रही है। इसे नजरअंदाज कर दिया गया। जो अवैध शराब निर्मित होकर बिक रही है, यदि ऐसी फैक्ट्रियां चली हैं तो क्या इसका एक्साइज और पुलिस विभाग को अंदाजा नहीं है।

मुकेश अग्निहोत्री ने आरोप लगाया कि 4 साल से भाजपा की सरकार है, ऐसे में कार्रवाई क्यों नहीं हो रही है। मुख्यमंत्री एक्साइज और पुलिस दोनों विभागों के प्रमुख हैं। ऐसे में नैतिक जिम्मेदारी उनकी भी है। आखिर यह धंधा हिमाचल में कैसे चला है। इसके लिए जिम्मेदार कौन है। यह मामला काफी बड़ा है। इसमें छोटे लोगों की नहीं बल्कि बड़े लोगों की संलिप्तता है। कई मगरम'छ हैं जिनके मुताबिक कार्यक्रम व नीतियां बन रही हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की बदौलत नहीं बल्कि 4 वर्ष से भाजपा सरकार है। ऐसे में ये मौतें सरकार की वजह से हो रही हैं।

मुकेश अग्निहोत्री ने प्रदेश में महंगे सीमैंट और बिजली का मामला भी उठाया है। उन्होंने कहा कि जिस राज्य में ये दोनों बन रहे हैं, वही महंगे क्यों हैं। आखिर इसका क्या कारण है। कांग्रेस अपने घोषणा पत्र में इन मुद्दों को शामिल करेगी कि इन दोनों पर प्रदेश निवासियों का हक सबसे पहले है।  नेता विपक्ष ने 2 वर्ष से बंद स्कूलों पर भी सरकार की पॉलिसी पर प्रहार किया। उन्होंने कहा कि केन्द्र के दिशा-निर्देशों पर नहीं बल्कि सरकार को खुद फैसले लेने चाहिए। स्कूल खुलने चाहिए। यह बच्चों के भविष्य का सवाल है। स्कूल बंद होंगे तो आखिर यह पीढ़ी कैसे शिक्षित होगी।

‘हिमाचल का गठन और विकास कांग्रेस ने ही किया’
मुकेश अग्निहोत्री ने हिमाचल के पूर्ण राज्यत्व दिवस के लिए स्व. इंदिरा गांधी और कांग्रेस पार्टी के योगदान को सराहा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने इसे पूर्ण राज्य का दर्जा दिया। डा. वाई.एस. परमार तथा वीरभद्र सिंह ने इस प्रदेश को संवारा है। हालांकि समय-समय पर रहे दूसरे दलों के मुख्यमंत्रियों ने अपने हिसाब से योगदान दिया। जो लोग कहते हैं कि कांग्रेस का हिमाचल के लिए क्या योगदान है, उन्हें याद करना चाहिए कि हिमाचल का गठन और विकास कांग्रेस ने ही किया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Recommended News

Related News