हिमाचल का ''हरा सोना'' लूटकर पंजाब ले जा रहे थे तस्कर, विभाग की टीम ने ऐसे बिगाड़ा खेल...एक साथ 4 गाड़ियां जब्त

punjabkesari.in Friday, Feb 20, 2026 - 08:34 PM (IST)

गगरेट (बृज): हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के गगरेट क्षेत्र में वन संपदा की अवैध तस्करी रोकने के लिए वन विभाग ने कमर कस ली है। विभाग की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए अम्बोटा-आशा देवी मार्ग पर नाका लगाकर पंजाब की ओर जा रहे चार वाहनों को पकड़ा है। जांच के दौरान किसी भी चालक के पास लकड़ी परिवहन से जुड़े वैध दस्तावेज नहीं मिले, जिसके बाद विभाग ने तुरंत सभी वाहनों को कब्जे में ले लिया।

जानकारी के अनुसार वन विभाग को पिछले काफी समय से शिकायतें मिल रही थीं कि क्षेत्र से रोजाना अवैध लकड़ी से लदे वाहन गुजर रहे हैं। सूचना पुख्ता होने पर विभाग की टीम ने विशेष जांच अभियान चलाया। नाकेबंदी के दौरान जब इन वाहनों की तलाशी ली गई तो अवैध तस्करी का भंडाफोड़ हुआ।

वन संपदा की लूट किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं : डीएफओ
वन मंडल अधिकारी (डीएफओ) सुशील राणा ने स्पष्ट किया कि वन संपदा की लूट किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि जब्त किए गए वाहनों से जुड़े लोगों के खिलाफ वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। साथ ही, तस्करी के पूरे नैटवर्क को खंगालने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। विभाग की इस सख्ती से लकड़ी तस्करों में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि जंगलों की सुरक्षा के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और निगरानी बढ़ाई जाएगी।

हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News