Kangra: जमानत पर छूटकर फिर बेच रहे थे नशा, 2 महिलाओं सहित 4 आदतन तस्कर 3 माह के लिए भेजे जेल
punjabkesari.in Thursday, Feb 19, 2026 - 11:12 PM (IST)
पालमपुर/इंदौरा(भृगु/अजीज): कांगड़ा जिले में नशा तस्करी की सप्लाई चेन को पूरी तरह से नेस्तनाबूद करने के लिए कांगड़ा और नूरपुर पुलिस ने अब तक की सबसे कड़ी कार्रवाई की है। बार-बार नशा तस्करी में पकड़े जाने और जमानत पर छूटकर फिर से उसी धंधे में लगने वाले 4 आदतन तस्करों (जिनमें 2 महिलाएं शामिल हैं) पर पुलिस ने शिकंजा कसा है। इन चारों आरोपियों को पीआईटी एनडीपीएस (PIT-NDPS Act 1988) एक्ट की धारा 3(1) के तहत निवारक हिरासत में लेते हुए तीन महीने के लिए जिला कारागार धर्मशाला भेज दिया गया है।
पालमपुर: 4 मामलों में नामजद महिला तस्कर 3 माह के लिए निरुद्ध
कांगड़ा जनपद पुलिस के अनुसार पहली कार्रवाई पालमपुर के वार्ड-6 बिंद्रावन निवासी राजकुमारी पर की गई है। आरोपी महिला के खिलाफ थाना पालमपुर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मादक पदार्थों की अवैध तस्करी के 4 मामले पहले से दर्ज हैं। उसके पास से पूर्व में चरस, गांजा और हैरोइन जैसे नशीले पदार्थ बरामद किए जा चुके हैं। पुलिस और खुफिया रिपोर्टों में सामने आया था कि बार-बार जमानत पर रिहा होने के बावजूद वह इलाके में नशे की सप्लाई में सक्रिय थी, जिससे युवाओं के स्वास्थ्य और क्षेत्र की शांति पर बुरा असर पड़ रहा था। जन-सुरक्षा को देखते हुए कांगड़ा पुलिस ने 27 दिसम्बर 2025 को उच्चाधिकारियों के माध्यम से सक्षम प्राधिकारी को प्रोपोजल भेजा था। तथ्यों के आधार पर आदेश पारित होने के बाद, 19 फरवरी 2026 को पुलिस थाना पालमपुर ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर 3 माह के लिए जिला कारागार धर्मशाला भेज दिया है।
इंदौरा: 3 आदतन तस्करों के खिलाफ गृह सचिव ने जारी किए आदेश
दूसरी बड़ी कार्रवाई पुलिस जिला नूरपुर के अंतर्गत उपमंडल इंदौरा में अमल में लाई गई है। एसपी नूरपुर कुलभूषण वर्मा ने बताया कि नशीले पदार्थों की अवैध तस्करी के खिलाफ निर्णायक कदम उठाते हुए इंदौरा के तीन आदतन तस्करों को हिरासत में लिया गया है। इन आरोपियों की पहचान दलवीरो (पत्नी अजय कुमार, निवासी छन्नी), खन्ना (पुत्र सेठा राम, निवासी छन्नी) और राज कुमार उर्फ सेठी (पुत्र दौलत राम, निवासी भद्रोया) के रूप में हुई है। एसपी ने बताया कि ये तीनों बार-बार नशे की तस्करी में संलिप्त पाए गए थे और इनकी गतिविधियां सार्वजनिक सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन गई थीं। नूरपुर पुलिस ने इनका विस्तृत डोजियर तैयार कर हिमाचल प्रदेश सरकार को भेजा था। हिमाचल प्रदेश सरकार के सचिव (गृह) ने पुलिस द्वारा उपलब्ध करवाए गए रिकॉर्ड और प्रमाणों की गहन जांच के बाद पीआईटी एनडीपीएस एक्ट के तहत इन तीनों की औपचारिक हिरासत के आदेश जारी किए। आदेश मिलते ही पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर जिला कारागार एवं सुधार गृह कांगड़ा (धर्मशाला) भेज दिया है।

