Mandi: प्रदेश के हकों की लड़ाई जारी, आरडीजी मामले में व्यक्तिगत हस्तक्षेप करें पीएम : अग्निहोत्री
punjabkesari.in Monday, Feb 16, 2026 - 10:36 PM (IST)
मंडी (रजनीश हिमालयन): अंतर्राष्ट्रीय महाशिवरात्रि महोत्सव के शुभारंभ के अवसर पर हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने प्रदेश की वित्तीय स्थिति और केंद्र से मिलने वाली सहायता को लेकर कड़ा रुख अख्तियार किया। मंडी के पड्डल मैदान में जनता को संबोधित करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश सरकार अपने अधिकारों के लिए एक निर्णायक लड़ाई लड़ रही है और यह लड़ाई जारी रहेगी। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश वर्तमान में राजस्व घाटा अनुदान (आरडीजी) और जीएसटी प्रतिपूर्ति को लेकर एक कठिन दौर से गुजर रहा है। उन्होंने कहा कि पिछली भाजपा सरकार के कार्यकाल में हिमाचल को केंद्र से लगभग 75,000 करोड़ रुपए की सहायता प्राप्त हुई थी और वर्तमान सरकार को वह वित्तीय सहयोग नहीं मिल रहा है, जिससे राज्य की विकास गति प्रभावित हो रही है। उन्होंने मंडी के मंच से सीधे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से आग्रह किया कि वह इस मामले में व्यक्तिगत हस्तक्षेप करें और स्थिति का निष्पक्ष मूल्यांकन कर हिमाचल के हक बहाल करें।
इससे पहले उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने राजदेवता माधवराय के मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद महोत्सव की प्रथम शाही जलेब में भाग लिया। अग्निहोत्री ने घोषणा की कि मंडी शहर के 500 वर्षों के सफर को यादगार बनाने के लिए भाषा एवं संस्कृति विभाग और जिला प्रशासन के साथ मिलकर आगामी आयोजनों की रूपरेखा तैयार की जाएगी। भविष्य में और भी भव्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि नई पीढ़ी अपनी समृद्ध धरोहर और संस्कृति से जुड़ सके। इससे पहले डीसी एवं मेला आयोजन समिति के अध्यक्ष अपूर्व देवगन ने मुख्यातिथि का स्वागत किया।
कर्मचारियों की तनख्वाह और पैंशन नहीं रुकेगी
उपमुख्यमंत्री ने वित्तीय चुनौतियों के बीच प्रदेशवासियों को आश्वस्त किया कि किसी का भी वेतन, पैंशन या ओपीएस बंद नहीं होगा। पुरानी पैंशन योजना (ओपीएस) को जारी रखा जाएगा, इस पर कोई खतरा नहीं है। बजट की कमी के बावजूद प्रदेश में चल रहे विकास कार्यों की रफ्तार थमने नहीं दी जाएगी।
विधानसभा सत्र और आगामी रणनीति
डिप्टी सीएम ने जानकारी दी कि वर्तमान में विधानसभा का विशेष सत्र चल रहा है, जहां प्रदेश के संसाधनों और वित्तीय प्रबंधन पर गहन चर्चा हो रही है। उन्होंने कहा कि सदन में जो भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाएंगे, उनसे जल्द ही जनता को अवगत करवाया जाएगा। उपमुख्यमंत्री ने मंडी शहर की स्थापना के 500 वर्ष पूरे होने पर बधाई देते हुए इसे गर्व का विषय बताया। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से ही मंडी शिवरात्रि और कुल्लू दशहरा को अंतर्राष्ट्रीय ख्याति मिली और आज इन्हीं प्रयासों का परिणाम है कि विदेशी कलाकार और पर्यटक यहां की संस्कृति की ओर खिंचे चले आते हैं।

