Chamba: कोटी चौक पर 1 किलो 217 ग्राम चरस के साथ 2 तस्कर गिरफ्तार
punjabkesari.in Friday, Feb 13, 2026 - 10:04 PM (IST)
चम्बा (काकू) : पुलिस ने कोटी चौक पर 2 लोगों से 1 किलो 217 ग्राम चरस बरामद की है। दोनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना सदर चम्बा में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस की विशेष अन्वेषण इकाई टीम ने चम्बा-तीसा मार्ग पर कोटी चौक में नाकाबंदी की हुई थी। इसी दौरान कोटी पुल की ओर से 2 व्यक्ति पैदल आए। सामने पुलिस टीम को देखकर दोनों घबरा गए। संदेह के आधार पर पुलिस टीम ने उन्हें रोका और उनकी तलाशी ली। तलाशी लेने पर उनके बैग से 1 किलो 217 ग्राम चरस बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपियों की पहचान हेमराज और राम सिंह निवासी गांव खजरी डाकघर चारोड़ी तहसील एवं जिला चम्बा के रूप में हुई है। जिला चम्बा में चरस की तस्करी एवं बिक्री करने वालों के विरुद्ध आरंभ किए गए विशेष अभियान में पुलिस को यह बड़ी सफलता मिली है। एसपी विजय कुमार सकलानी ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि आरोपियों के विरुद्ध पुलिस थाना सदर चम्बा में मादक द्रव्य अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस का यह अभियान भविष्य में भी जारी रहेगा।

