Chamba: वर्ष के अंत तक चम्बा में शुरू होंगी हैलीकॉप्टर सेवाएं : मुख्यमंत्री
punjabkesari.in Saturday, Aug 01, 2026 - 11:10 PM (IST)
चम्बा (ब्यूरो): मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंंदर सिंह सुक्खू ने शनिवार को चम्बा जिले के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर वर्तमान मानसून के दौरान भारी वर्षा और भूस्खलन से हुए नुक्सान का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया तथा स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और कठिनाइयों की जानकारी ली। मुख्यमंत्री सबसे पहले शीतला पुल और सुल्तानपुर के राणा मोहल्ला क्षेत्र पहुंचे, जहां इस मानसून में भारी नुक्सान हुआ है। उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और आश्वासन दिया कि राज्य सरकार उन्हें इस आपदा से उबरने के लिए हर संभव सहायता प्रदान करेगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आवश्यक सुविधाओं की शीघ्र बहाली सुनिश्चित की जाए तथा क्षतिग्रस्त सड़कें और अन्य बुनियादी ढांचे की मुरम्मत को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। सुक्खू ने कहा कि पिछले वर्ष के मानसून के दौरान भी चम्बा जिले में काफी नुक्सान हुआ था और इस वर्ष भी जिले को काफी क्षति का सामना करना पड़ा है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार आपदा प्रभावित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है और उन्हें राहत एवं सहायता उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि क्षतिग्रस्त बुनियादी ढांचे और सड़कों की बहाली का कार्य भी प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है।
इसके उपरांत मुख्यमंत्री ने सुल्तानपुर में निर्माणाधीन हैलीपोर्ट का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि इस हैलीपोर्ट का निर्माण लगभग 12 करोड़ रुपए की अनुमानित लागत से किया जा रहा है। इसके पूरा होने पर चम्बा जिले के विकास को नई गति मिलेगी तथा क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस वर्ष के अंत तक अथवा अगले वर्ष की शुरूआत में चम्बा जिले में हैलीकॉप्टर सेवाएं शुरू करने के लिए प्रयासरत है।
उन्होंने कहा कि इस सुविधा से हवाई संपर्क बेहतर होगा और पर्यटन सहित जिले की अन्य विकासात्मक गतिविधियों को भी गति मिलेगी। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, चम्बा के विधायक नीरज नैय्यर, पूर्व मंत्री आशा कुमारी, जिला कांग्रेस समिति के अध्यक्ष सुरजीत भरमौरी, उपायुक्त मुकेश रेप्सवाल, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी तथा अन्य गण्यमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

