Himachal: कार चालक की लापरवाही पड़ी भारी...हाईवे पर पलटा ट्राला, नई बाइक्स और स्कूटियाें के उड़े परखच्चे
punjabkesari.in Sunday, Feb 15, 2026 - 11:44 AM (IST)
ऊना: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिला में अम्ब-नादौन राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार देर रात एक बड़ा हादसा पेश आया है। उपमंडल अम्ब के तहत सिकरा दा पराेह (ज्वार पंचायत) के पास मोटरसाइकिलों और स्कूटी से लदा एक ट्राला सड़क पर पलट गया। राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में कोई जानी नुक्सान नहीं हुआ है।
गलत दिशा से आ रही कार बनी हादसे का कारण
मिली जानकारी के अनुसार ट्राला (CH 01TB-4038) हरियाणा के शाहबाद से कांगड़ा की ओर जा रहा था। रात करीब एक बजे जब ट्राला एक तीखे मोड़ पर पहुंचा, तो सामने से गलत दिशा में एक कार आ गई। कार को बचाने के चक्कर में ट्राला चालक ने अचानक मोड़ काटा, जिससे संतुलन बिगड़ गया और ट्राला बीच सड़क पर ही पलट गया।
वाहनों को पहुंचा भारी नुक्सान
हादसे के समय सड़क पर ट्रैफिक कम होने की वजह से कोई अन्य वाहन इसकी चपेट में नहीं आया। हालांकि, ट्राले में लदी नई मोटरसाइकिलों और स्कूटियों को काफी नुक्सान पहुंचा है।
क्रेन की मदद से सीधा करवाया ट्राला
वहीं घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस टीम मौके पर पहुंचे। इसके बाद क्रेन की मदद से ट्राले को सीधा करवाकर यातायात बहाल करवाया गया। शुरुआती जांच में हादसे की वजह दूसरी कार चालक की लापरवाही बताई जा रही है। पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है। प्रशासन ने अपील की है कि तीखे मोड़ों पर वाहन सावधानी से चलाएं और यातायात नियमों का उल्लंघन न करें।

