हिमाचल की सीनियर हॉकी टीम में चाहिए जगह तो पास करना होगा ये टैस्ट, 12 सितम्बर को ऊना में होगा चयन ट्रायल

punjabkesari.in Thursday, Sep 03, 2026 - 02:16 PM (IST)

ऊना (सुरेंद्र): हिमाचल प्रदेश के होनहार हॉकी खिलाड़ियों के लिए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने का सुनहरा अवसर आ गया है। 16वीं हॉकी इंडिया सीनियर पुरुष राष्ट्रीय हॉकी चैंपियनशिप-2026 के लिए हिमाचल प्रदेश की टीम का चयन ट्रायल 12 सितम्बर को ऊना में आयोजित किया जा रहा है। यह चयन प्रक्रिया सुबह 10 बजे से ऊना के प्रतिष्ठित एस्ट्रो टर्फ मैदान में शुरू होगी।

ओडिशा के राउरकेला में सजेगा राष्ट्रीय मंच
हॉकी हिमाचल के महासचिव और प्रतिष्ठित द्रोणाचार्य अवॉर्डी रोमेश पठानिया ने इस ट्रायल की आधिकारिक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सीनियर पुरुष राष्ट्रीय हॉकी चैंपियनशिप का आयोजन 10 अक्तूबर से 22 अक्तूबर तक ओडिशा के खेल शहर राउरकेला में किया जाना है। इस महा-मुकाबले में हिमाचल का प्रतिनिधित्व करने के लिए प्रदेश के सर्वश्रेष्ठ और पात्र खिलाड़ियों को इस चयन ट्रायल में आमंत्रित किया गया है।

फिटनैस से नहीं होगा समझौता, ये दस्तावेज लाना है जरूरी
इस बार टीम चयन में फिटनेस पर विशेष जोर दिया जा रहा है। हॉकी हिमाचल ने स्पष्ट किया है कि चयन प्रक्रिया में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों के लिए यो-यो फिटनैस टैस्ट पास करना अनिवार्य होगा। जो खिलाड़ी इस फिटनैस पैमाने पर खरे नहीं उतरेंगे, वे टीम में जगह नहीं बना पाएंगे। ट्रायल में शामिल होने वाले खिलाड़ियों  का हॉकी इंडिया पोर्टल पर पंजीकृत होना अनिवार्य है। मैदान में आते समय खिलाड़ियों को हिमाचल प्रदेश का वैध आयु प्रमाण पत्र साथ लाना होगा। इसके साथ ही खिलाड़ियों को अपने सभी आवश्यक मूल दस्तावेज ट्रायल स्थल पर प्रस्तुत करने होंगे।

इन पारखी नजरों के सामने होगा खिलाड़ियों का टैस्ट
ट्रायल के दौरान खिलाड़ियों के कौशल और तकनीक को परखने के लिए हॉकी हिमाचल ने एक विशेष चयन समिति का गठन किया है। इस पैनल में खेल विशेषज्ञ अजीत ठाकुर, अनिल खंतवाल (सीईओ), प्रोमिला शर्मा, बलजीत सिंह नागरा, जगतार सिंह और आशीष सेन शामिल रहेंगे। सभी इच्छुक और पात्र खिलाड़ियों से अपील की गई है कि वे अपनी किट और दस्तावेजों के साथ 12 सितम्बर की सुबह ठीक 10 बजे ऊना के एस्ट्रो टर्फ मैदान में रिपोर्ट करें।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News