चोरों ने 3 भाइयों के घरों को बनाया निशाना, हजारों की नकदी व सामान पर किया हाथ साफ
punjabkesari.in Sunday, Nov 20, 2022 - 04:34 PM (IST)

अम्ब (अश्विनी): ऊना जिले के उपमंडल अम्ब के तहत पोलियां पुरोहितां में चोर गिरोह ने 3 सगे भाइयों के घरों में सेंधमारी कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। चोर घरों से हजारों रुपए का सामान ले उड़े हैं। सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। जानकारी अनुसार ग्राम पंचायत पोलियां पुरोहितां के वार्ड नम्बर-4 में आबादी के बीच स्थित घरों में चोरों ने संगीन वारदात को अंजाम दिया है। बताया जा रहा है कि पारिवारिक सदस्य लुधियाना में रहते हैं और घरों में ताले लगे हुए थे। रविवार सुबह एक स्थानीय व्यक्ति ने कमरे खुले देखे तो उसने तुरंत गांव में बताया। जब स्थानीय लोग वहां पहुंचे तो कमरों के 4 ताले टूटे पाए गए और घरों के अंदर सामान बिखरा हुआ था। लोगों ने घटना बारे लुधियाना में रह रहे घरों के मालिकों को सूचित किया। रविवार दोपहर घरों के मालिक गांव पहुंच गए और पुलिस की मौजूदगी में सामान चैक किया। चोर तीनों घरों से करीब 7-8 हजार की नकदी और चांदी के कड़े आदि चोरी करके ले गए हैं। पुलिस ने घटनास्थल पर पारिवारिक सदस्यों के बयान कलमबद्ध कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here