हिमाचल में गोरखधंधा शब्द के इस्तेमाल पर लगेगा प्रतिबंध : जयराम

punjabkesari.in Friday, Aug 27, 2021 - 09:00 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): हरियाणा के बाद हिमाचल प्रदेश में भी गोरखधंधा शब्द के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगेगा। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर यहां स्वर्णिम हिमाचल रथ यात्रा के संबंध में उच्च स्तरीय समिति की बैठक की अध्यक्षता करने के बाद पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यदि गोरखधंधा शब्द से किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचती है तो निश्चित रूप से इसका इस्तेमाल नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि इसको लेकर सरकार आधिकारिक आदेश जारी करने की सोच रही है।

2 अक्तूबर से आरंभ होगी स्वर्णिम रथ यात्रा, राज्य में 51 कार्यक्रम होंगे

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस वर्ष 2 अक्तूबर से स्वर्णिम हिमाचल रथ यात्रा का आयोजन करेगी। इस रथ यात्रा के दौरान हिमाचल प्रदेश के 50 वर्षों के सफर को दर्शाया जाएगा जिसके लिए विभिन्न विभागों के माध्यम से राज्य भर में 51 कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जैसे सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, लोक निर्माण, जल शक्ति, ग्रामीण विकास, वन और ऊर्जा के क्षेत्र में हिमाचल प्रदेश 50 साल पहले कहां था और आज कहां है। उन्होंने कहा कि स्वर्णिम रथ यात्रा लगभग 2 महीने के दौरान प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों को कवर करेगी। उन्होंने कहा कि राज्य स्तरीय पूर्ण राज्यत्व दिवस समारोह के अवसर पर 25 जनवरी, 2022 को विशाल कार्यक्रम के आयोजन के साथ इसका समापन होगा।

डाॅ. राजीव बिंदल की अध्यक्षता में कार्यकारी समिति गठित

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने इस कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए विधायक डाॅ. राजीव बिंदल की अध्यक्षता में कार्यकारी समिति का गठन किया है। इसके अतिरिक्त 4 उपसमितियां भी गठित की गई हैं जिनमें स्वर्णिम रथ खरीद समिति, सूचना, शिक्षा एवं संप्रेषण समिति, सोशल मीडिया समिति और बजट समिति शामिल है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस वर्ष 25 जनवरी से राज्य में स्वर्णिम हिमाचल रथ यात्रा आयोजित करना चाहती थी लेकिन कोरोना महामारी के कारण इसे स्थगित कर दिया गया था। स्वर्णिम हिमाचल रथ यात्रा में विभिन्न क्षेत्रों जैसे खेल, सामाजिक कार्य, संस्कृति और साहित्य में उपलब्धि हासिल करने वाले सफल लोगों की सक्रिय भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी।

जिला प्रशासन को कमेटी गठित करने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को रथ यात्रा से संबंधित कार्ययोजना और अन्य जानकारी अंतिम रूप से प्रदान करने के लिए एक कमेटी गठित करने के निर्देश भी दिए, साथ ही रथ यात्रा को सफल बनाने के लिए पंचायती राज संस्थाओं, शहरी स्थानीय निकायों के सभी निर्वाचित प्रतिनिधियों, युवक मंडलों, महिला मंडलों और स्वयं सहायता समूहों को जोड़ने को कहा है। कार्यकारी समिति के अध्यक्ष डाॅ. राजीव बिंदल, राज्य वित्तायोग के अध्यक्ष और बजट समिति के अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती और स्वर्णिम रथ यात्रा खरीद समिति के अध्यक्ष त्रिलोक जम्वाल ने भी इस अवसर पर अपने विचार व्यक्त किए। मुख्य सचिव राम सुभग सिंह सहित अन्य अधिकारी भी बैठक में मौजूद थे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News