Kangra News: चोरों के हौसले बुलंद! पहले चाेरी की वारदात को दिया अंजाम, फिर उसी घर में बिस्तर पर किया आराम
punjabkesari.in Friday, Jul 31, 2026 - 12:21 PM (IST)
आलमपुर: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि वारदात को अंजाम देने के बाद वे भागने के बजाय आराम फरमा रहे हैं। पुलिस चौकी आलमपुर के अंतर्गत गंदड़ पंचायत के मरेरा वार्ड में ऐसा की एक मामला सामने आया है। यहां चोरों ने एक बार फिर पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए एक बंद मकान को निशाना बनाया है। अज्ञात चोरों ने ताले तोड़कर घर से 15 हजार रुपए की नकदी और चांदी के जेवरातों पर हाथ साफ कर लिया। चोरी की इस वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार जिस मकान में चोरी हुई है, वह मरेरा वार्ड निवासी संजय पुत्र घुंघर राम और उसके भाई का है। रोजगार के चलते दोनों भाई अपने परिवार और माता के साथ सुजानपुर टीहरा में रहते हैं और अमूमन छुट्टी वाले दिन गांव आते हैं। बीते रविवार को भी संजय का छोटा भाई घर आया था और साफ-सफाई करके वापस लौट गया था। वीरवार को जब वह दोबारा घर देखने आया, तो मुख्य दरवाजे का ताला गायब था। जब उसने अंदर जाकर देखा तो तीनों कमरों की अलमारियां और ट्रंक खुले पड़े थे तथा सारा सामान बिखरा हुआ था। रसोईघर का ताला भी टूटा था, लेकिन वहां से कुछ गायब नहीं था। चोरों ने डिब्बियों में रखे आर्टिफिशियल गहनों को खोलकर देखा, लेकिन उन्हें वहीं छोड़ दिया। इससे स्पष्ट है कि शातिर केवल कीमती जेवर और नकदी चुराने की मंशा से ही आए थे।
चोरों के हौसले इतने बुलंद थे कि उन्होंने इत्मीनान से चोरी की वारदात को अंजाम दिया। मौके पर एक कमरे में माचिस पड़ी मिली और बिस्तर की चादर पर सिलवटें थीं, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि शातिरों ने वारदात के बाद वहां कुछ देर आराम भी किया। गौरतलब है कि यह मकान सड़क के किनारे स्थित है और नीचे की तरफ एक बड़ा गांव भी है, फिर भी किसी को भनक नहीं लगी। इसी मकान में एक साल पहले भी चोरी हो चुकी है।
परिजनों द्वारा घटना की सूचना दिए जाने पर पंचायत प्रधान जनम चंद कटोच, वार्ड पंच ललिता और ऊषा सहित पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर साक्ष्य जुटाए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी है। बता दें कि गंदड़ व साथ लगती पंचायतों में पहले भी सिलसिलेवार चोरियां हो चुकी हैं। लोगों की सतर्कता से कुछ समय के लिए इन पर ब्रेक लगी थी, लेकिन इस नई वारदात ने साबित कर दिया है कि चोरों का गिरोह इलाके में फिर से सक्रिय हो गया है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

