Kullu: यहां चोरों के हौसले बुलंद...आधी रात काे घर में घुसकर मचाया आतंक, CCTV में कैद हुई वारदात

punjabkesari.in Tuesday, Feb 17, 2026 - 11:47 AM (IST)

कुल्लू (संजीव): चोरों के हौसले दिन-प्रतिदिन बुलंद होते जा रहे हैं। ताजा मामला कुल्लू जिले के हनुमानी बाग इलाके से सामने आया है, जहां रात के सन्नाटे में बेखौफ चोरों ने एक घर में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। हालांकि, चाेरी की पूरी घटना पास में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

प्राप्त जानकारी और सीसीटीवी फुटेज के अनुसार घटना रात करीब 12 बजे की है। अंधेरे का फायदा उठाकर 2 शातिर चोर इलाके में दाखिल हुए। चोरों ने पहले इलाके की अच्छी तरह रैकी की और उसके बाद बड़े ही शातिराना अंदाज में वारदात को अंजाम दिया। चाेर करीब 50 हजार रुपए के सामान पर हाथ साफ कर गए हैं। उनकी हरकतों से साफ जाहिर होता है कि यह कोई पहली बार का काम नहीं था, बल्कि वे पेशेवर अपराधी प्रतीत हो रहे हैं।

शैलजा राणा पत्नी नितिन राणा के अनुसार वे क्वार्टर लेकर दूसरी जगह पर रहती हैं, वारदात के समय घर पर काेई भी माैजूद नहीं था। इस घटना के बाद से हनुमानी बाग और आसपास के इलाकों के निवासियों में भय और दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कुछ समय से इलाके में चोरी की वारदातों में तेजी आई है और चोरों को पुलिस का जरा भी खौफ नहीं रह गया है।

आक्रोशित नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि रात के समय पुलिस गश्त को बढ़ाया जाए, ताकि चोरों और असामाजिक तत्वों पर लगाम लग सके। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की जल्द से जल्द शिनाख्त कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर नजर रखी जा सके।

स्थानीय नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से अपील की है कि इस मामले को गंभीरता से लिया जाए और आरोपियों को जल्द से जल्द कानून के शिकंजे में कसा जाए, ताकि इलाके में शांति बहाल हो सके और आम नागरिक सुरक्षित महसूस कर सकें। फिलहाल पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है और आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए जांच तेज कर दी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News