Kullu : रेन शैल्टर में मृत मिला प्रवासी मजदूर, ठंड से मौत होने की आशंका
punjabkesari.in Sunday, Oct 11, 2026 - 01:30 PM (IST)
Kullu News : शमशी रेन शैल्टर में एक प्रवासी मजदूर मृत पाया गया। अत्यधिक ठंड के कारण इसकी मौत हुई है। वहीं, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कुल्लू पहुंचाया।
पुलिस को इसके परिजनों का इंतजार है। यदि 72 घंटे तक परिजन शव को लेने आते हैं तो पुलिस पोस्टमार्टम के उपरांत शव उन्हें सौंप देगी। अगर शव लेने कोई नहीं आया तो पुलिस शव का अंतिम संस्कार करवाएगी। पुलिस के अनुसार फॉरेस्ट चौक शमशी स्थित रेन शेल्टर में राजू नामक व्यक्ति मृत अवस्था में पाया गया।
मृतक के साथ काम करने वाले रवि व अजय ने बताया कि वह झारखंड के रांची का रहने वाला था तथा फुटपाथ व रेन शैल्टर में सोता था। मृतक के साथियों ने उसकी मृत्यु पर कोई आशंका जाहिर नहीं की है। क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में पोस्टमार्टम करवाने के उपरांत शिनाख्त के लिए शव 72 घंटे तक शव गृह में रखा गया है। पुलिस मौत के पीछे रहे कारणों की जांच कर रही है।

